नागौर में वीडियो बनाने से रोका तो भड़के युवक, भीड़ पर चढ़ाया कैंपर; महिला-बच्ची घायल

HIGHLIGHTS
- नागौर के ताडावास गांव में बैठक के दौरान वीडियो बनाने से रोकने पर विवाद हुआ, जिसमें तीन युवकों पर कैंपर वाहन भीड़ की ओर दौड़ाने का आरोप लगा।
- हादसे में एक महिला का हाथ टूट गया, जबकि एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नागौर जिले के खींवसर थाना क्षेत्र के ताडावास गांव में ग्रामीणों की बैठक के दौरान वीडियो बनाने से रोकने पर तीन युवकों द्वारा कथित रूप से गुस्से में कैंपर वाहन भीड़ की ओर दौड़ा देने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक महिला का हाथ टूट गया, जबकि एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव के मुख्य चौक पर अलग-अलग समाजों के लोग स्थानीय समस्याओं को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान फिड़ौदा गांव निवासी धनश्याम पुत्र रामनिवास, सुरेश पुत्र पूसाराम और रामनिवास पुत्र डाबरराम कैंपर वाहन लेकर वहां पहुंचे और बैठक का वीडियो बनाने लगे।
ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए उन्हें वीडियो बनाने से मना किया। आरोप है कि इस बात से तीनों युवक नाराज हो गए और उन्होंने कैंपर वाहन भीड़ की तरफ दौड़ा दिया।
खींवसर थाने के एएसआई हरेन्द्र सिंह के अनुसार, आरोपियों ने तेज रफ्तार से कैंपर को लोगों की ओर बढ़ा दिया। वाहन ने पहले 5 से 7 मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी और इसके बाद बिजली के पोल से जा टकराया। पोल के क्षतिग्रस्त होने से करंट फैलने की आशंका के बीच मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस दौरान अमीर खां की पत्नी कैंपर की चपेट में आ गईं, जिससे उनका एक हाथ टूट गया। वहीं, एक नाबालिग बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते लोग वहां से नहीं हटते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़ित पक्ष के नथूराम पुत्र भागीरथ जाट की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी कैंपर वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि वाहन की जांच की जा रही है और सीसीटीवी सहित अन्य वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.