‘जोंबी ड्रग्स’ वीडियो मामले में नया मोड़, श्रीगंगानगर में दो युवक हिरासत में

HIGHLIGHTS
- भांभू कॉलोनी के योगेश और जोगिंदर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया
- पुलिस के अनुसार दोनों ने प्रेगाबालिन कैप्सूल लेने के बाद वीडियो बनाया
- वीडियो जस्सा सिंह मार्ग स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास शूट हुआ था
श्रीगंगानगर। भाजपा के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए कथित ‘जोंबी ड्रग्स’ वीडियो मामले में मंगलवार रात नया मोड़ सामने आया। श्रीगंगानगर की कोतवाली थाना पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है। खास बात यह है कि इससे पहले जिले के एसपी हरिशंकर ने वीडियो के श्रीगंगानगर का होने से साफ इनकार किया था।
दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ
कोतवाली थाना क्षेत्र की भांभू कॉलोनी निवासी योगेश (30) और जोगिंदर (27) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने प्रतिबंधित प्रेगाबालिन के कैप्सूल का सेवन करने के बाद ‘जोंबी ड्रग्स’ के प्रभाव में होने का नाटक किया। इसके बाद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिससे लोगों के बीच भ्रम और डर का माहौल बना।
पेट्रोल पंप के पास शूट किया गया था वीडियो
वीडियो जस्सा सिंह मार्ग स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बनाया गया था। वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप साफ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सात अगस्त को सुबह 11:01 बजे शूट किया गया था। इसके बाद हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा निवासी एक युवक ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया। पंजाबी गाने के साथ वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दो युवक एक स्थान पर खड़े होकर सुन्न दिखाई दे रहे थे।
सांसद हरभजन सिंह ने भी शेयर किया था वीडियो
राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था। पंजाब पुलिस ने जवाब देते हुए इसे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले का बताया था। हालांकि, मंगलवार दोपहर जब एसपी हरिशंकर से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि श्रीगंगानगर में इस तरह की कोई गतिविधियां नहीं होती हैं और वीडियो का खंडन किया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
‘प्रेगाबालिन के 300 एमजी के कैप्सूल खाता हूं’
पूछताछ के दौरान योगेश ने बताया, ‘सर जी, प्रेगाबालिन के 300 एमजी के कैप्सूल खाता हूं। इसके अलावा कुछ नहीं खाता। हम लोग मजदूरी के लिए काम पर गए हुए थे, मिट्टी की ट्रॉली भरने। उस समय प्रेगाबालिन कैप्सूल खाए हुए थे। चिट्टा-इंजेक्शन वालों से दूर रहता हूं। फिर हमने ऐसे करते हुए वीडियो बनाया।’
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.