पाकिस्तान में आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने पर बवाल, सरकार ने चैनल को भेजा कारण बताओ

दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद जहां पूरी दुनिया में शोक की लहर है, वहीं उनके योगदान को लेकर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी उन्हें याद किया जा रहा है। हालांकि, इसी बीच पाकिस्तान में एक मीडिया विवाद सामने आ गया है। वहां के प्रमुख चैनल जियो न्यूज को आशा भोसले से जुड़े श्रद्धांजलि कंटेंट प्रसारित करने पर नियामक संस्था की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।
PEMRA ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (PEMRA) ने जियो न्यूज को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस आशा भोसले के निधन से जुड़ी रिपोर्टिंग के दौरान भारतीय फिल्मों और गानों के दृश्य प्रसारित करने को लेकर जारी किया गया है।
चैनल के प्रबंध निदेशक ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा की।
चैनल प्रबंधन ने जताई आपत्ति
जियो न्यूज के एमडी और पाकिस्तान में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एडिटर्स एवं न्यूज डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजहर अब्बास ने कहा कि दिवंगत कलाकारों को याद करना और उनके कार्यों को सम्मान देना मीडिया की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले जैसी महान कलाकार के लिए और अधिक उनके सदाबहार गीत दिखाए जा सकते थे, लेकिन इसके बावजूद इस प्रसारण पर आपत्ति जताई गई।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के उल्लंघन का हवाला
PEMRA के नोटिस में कहा गया है कि जियो न्यूज द्वारा प्रसारित कंटेंट पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का उल्लंघन है, जिसमें भारतीय सामग्री के प्रसारण पर रोक लगाई गई है। यह आदेश 2018 में दिया गया था।
नियामक ने चैनल के सीईओ मीर इब्राहिम रहमान को 27 अप्रैल को तलब किया है और 14 दिनों के भीतर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं कि क्यों न उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
92 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
गौरतलब है कि आशा भोसले का 12 अप्रैल को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद भारत समेत दुनिया भर में संगीत प्रेमियों और कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.