जयसिंह कश्यप हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, 50 हजार की दी मदद

HIGHLIGHTS
- राज्यमंत्री ने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली।
- निजी कोष से परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता दी।
- पुलिस पहले ही दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र स्थित खरड़ गांव में 80 वर्षीय जयसिंह कश्यप की हत्या के बाद शुक्रवार शाम करीब 5 बजे राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग के साथ न्याय दिलाने का भरोसा दिया। राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को हत्याकांड की जांच में तेजी लाने और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए नरेंद्र कश्यप ने अपने निजी कोष से 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी। साथ ही शासन स्तर से मिलने वाली अनुमन्य आर्थिक सहायता भी पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि हत्याकांड के मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। राज्यमंत्री ने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और दो दिन के भीतर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि हत्याकांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जांच के दौरान किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
राज्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध करने की बात कही।
उन्होंने परिजनों को सुरक्षा के साथ जरूरत के अनुसार हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा अधिकारियों को मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.