हाफिज सईद की पार्टी को 'आतंकवादी' कहकर फंसी पाकिस्तानी मंत्री, अजमा बुखारी को 5 अरब रुपये का मानहानि नोटिस

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को मानहानि नोटिस भेजा।
- पार्टी ने 5 अरब पाकिस्तानी रुपये के हर्जाने की मांग की है।
- पीएमएमएल ने बुखारी से सात दिनों के भीतर आरोप वापस लेने और सार्वजनिक माफी मांगने को कहा।
पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने गुरुवार को पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को 5 अरब पाकिस्तानी रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। यह कदम बुखारी की उन टिप्पणियों के बाद उठाया गया है, जिनमें उन्होंने पीएमएमएल को आतंकवादी और गैर-कानूनी संगठन बताया था। पीएमएमएल को अक्सर हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) का राजनीतिक मोर्चा माना जाता है। 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड हाफिज सईद वर्ष 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है।
बुखारी से बयान वापस लेने और माफी मांगने की मांग
पार्टी अध्यक्ष खालिद मसूद सिंधु की ओर से भेजे गए नोटिस में अजमा बुखारी से अपने आरोप वापस लेने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और सोशल मीडिया से विवादित सामग्री हटाने की मांग की गई है। इसके लिए उन्हें सात दिन का समय दिया गया है।
पीएमएमएल का आरोप है कि मंत्री ने सोशल मीडिया और टेलीविजन पर उसे आतंकवादी, प्रतिबंधित संगठन और गैर-कानूनी पार्टी बताया था। पार्टी का कहना है कि वह चुनाव आयोग में पंजीकृत राजनीतिक दल है और वर्ष 2022 से राजनीतिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय है।
इसके अलावा पीएमएमएल ने इलेक्ट्रॉनिक अपराध रोकथाम अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी का रुख करने की चेतावनी भी दी है।
उपचुनाव के बाद बढ़ा विवाद
इससे पहले पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री मरियम नवाज को भी पीएमएमएल की ओर से इसी तरह का मानहानि नोटिस भेजा गया था। दोनों पक्षों के बीच विवाद 8 नवंबर को एनए-77 गुजरांवाला उपचुनाव के बाद और बढ़ गया।
इस चुनाव में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के उम्मीदवार राशिद बशीर विर्क को 43,365 वोट मिले, जबकि पीएमएमएल के इब्राहिम गुज्जर को 30,218 मत प्राप्त हुए।
पीएमएमएल ने चुनाव परिणामों को खारिज करते हुए 50 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतगणना कराने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.