भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर प्रदर्शन तेज, अभ्यर्थियों ने खून से लिखा पत्र

HIGHLIGHTS
- आंदोलन भोपाल के नीलम पार्क में चल रहा है
- अभ्यर्थी पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं
- सरकार की ओर से बातचीत के लिए किसी प्रतिनिधि के नहीं पहुंचने का आरोप
- प्राथमिक शिक्षक के करीब 1.09 लाख पद रिक्त होने का दावा
भोपाल। मध्य प्रदेश में वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। राजधानी के नीलम पार्क में पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने रविवार को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम अपने खून से पत्र लिखकर भर्ती में पद बढ़ाने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि इतने समय से आंदोलन जारी रहने के बावजूद सरकार की ओर से कोई अधिकारी, मंत्री या प्रतिनिधि उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा। उनका आरोप है कि लगातार अनदेखी किए जाने के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
खाली पदों के बावजूद सीमित भर्ती
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का दावा है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्राथमिक शिक्षकों के हजारों पद लंबे समय से खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती के लिए अपेक्षाकृत कम पद जारी किए गए हैं।
अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग में प्राथमिक शिक्षक के करीब 1.09 लाख पद रिक्त होने का दावा किया है। उनका कहना है कि वर्ष 2022 और 2023 में प्राथमिक शिक्षकों के माध्यमिक शिक्षक पद पर पदोन्नत होने के बाद प्राथमिक शिक्षक के रिक्त पदों की संख्या और बढ़ी, लेकिन इसके अनुपात में भर्ती नहीं की गई। आंदोलनकारियों के अनुसार, 30 हजार से ज्यादा पात्र अभ्यर्थी पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
आरक्षण को लेकर भी सवाल
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती में 13,089 पद जारी किए गए हैं। इनमें करीब 3,200 पद विशेष शिक्षकों के लिए रखे गए हैं, जबकि उनका दावा है कि कई पद अतिथि शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली हैं तो सभी पात्र अभ्यर्थियों को मौका देने के लिए भर्ती के पदों की संख्या क्यों नहीं बढ़ाई जा रही है।
वर्ग-2 में भी कम पदों को लेकर नाराजगी
वर्ग-2 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने भी पदों की संख्या को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि अलग-अलग विषयों और श्रेणियों में कहीं 40, 50 तो कहीं 70 जैसे बेहद कम पद जारी किए गए हैं, जबकि विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली हैं।
आंदोलनकारियों का दावा है कि वर्ग-2 में भी करीब 50 प्रतिशत पद रिक्त हैं। इसी आधार पर वर्ग-2 के अभ्यर्थी भी भर्ती में पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने सरकार से सवाल किया कि प्रदेश के मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों के बड़ी संख्या में बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। जब शिक्षा विभाग के पास बजट और रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध है, तो पर्याप्त संख्या में शिक्षक भर्ती क्यों नहीं की जा रही?
उनका कहना है कि यदि प्रदेश में 1.15 लाख से अधिक पद रिक्त होने का दावा सही है, तो सीमित संख्या में भर्ती निकालने का औचित्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि टीवी बहसों में जिम्मेदार लोग सीधे सवालों का जवाब देने के बजाय अपनी बात रखने पर अधिक जोर देते हैं।
खून से पत्र, बोले- अब धैर्य खत्म हो रहा
भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि लगातार अनदेखी के चलते बेरोजगार युवाओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि 10 दिनों की भूख हड़ताल के बाद खून से पत्र लिखने की स्थिति पैदा होना सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद की कमी को दर्शाता है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि जो फैसले उसके अधिकार क्षेत्र में आते हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
आंदोलनकारियों ने मांग की है कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री खुद अभ्यर्थियों से बातचीत करें और वर्ग-2 व वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में विभाग के वास्तविक रिक्त पदों के आधार पर पद बढ़ाने का फैसला लिया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.