शाहजहांपुर में सनसनीखेज वारदात, मंदिर परिसर में दो सेवादारों के जले शव बरामद

HIGHLIGHTS
- घटना शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में हुई।
- बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों को मंदिर परिसर में दोनों शव मिले।
- मृतकों की पहचान गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई।
शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में बृहस्पतिवार सुबह प्राचीन मंदिर परिसर में दो सेवादारों के जले हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई। सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोनों की हत्या करने के बाद शवों को जलाया गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दोनों जले हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बुरी तरह जले मिले दोनों शव
मृतकों की पहचान मंदिर के सेवादार गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों मंदिर परिसर में ही रहते थे और धार्मिक कार्यों में सेवा करते थे। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्होंने परिसर में दोनों के शव पड़े देखे।
दोनों शव एक-दूसरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े थे और बुरी तरह जल चुके थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
दोहरे हत्याकांड से ग्रामीणों में दहशत
दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही एसपी सौरभ दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
दोहरे हत्याकांड से ग्रामीण स्तब्ध हैं। मंदिर परिसर में मिले हालात से हत्या निर्मम तरीके से किए जाने और इसके बाद शवों को जलाए जाने की बात सामने आ रही है।
गांव के ही सुमित सिंह पर शक
एसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया देवस्थान की जमीन पर कब्जे की नीयत से वारदात किए जाने की आशंका है। इस मामले में गांव के रहने वाले सुमित सिंह पर शक जताया गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सुमित सिंह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया है और वह दोनों सेवादारों पर मंदिर छोड़ने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.