शामली: वांछित बदमाश नौमान की मौत पर उठे सवाल, प्रेमिका ने बताई पूरी घटना

HIGHLIGHTS
- शामली के ताताहेड़ी के पास नौमान की मौत के मामले में नया मोड़ आया है, बहन ने इसे सड़क हादसा नहीं बल्कि हत्या बताया है।
- नौमान की प्रेमिका ने पुलिस को घटना का पूरा घटनाक्रम बताते हुए दावा किया कि वह घटना के समय नौमान और उसके साथी सावेज के साथ मौजूद थी।
- पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है, जबकि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण चोट लगना सामने आया था।
शामली के वांछित बदमाश नौमान की ताताहेड़ी के पास सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। अब तक पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही थी, लेकिन नौमान की बहन ने कोतवाली में तहरीर देकर इसे साजिश के तहत की गई हत्या बताया है। परिजनों के साथ नौमान की प्रेमिका भी कोतवाली पहुंची और उसने घटना के समय नौमान और उसके साथी सावेज के साथ मौजूद होने की बात कही।
शामली के तितरवाड़ा गांव निवासी 28 वर्षीय नौमान की 15 जुलाई की रात ताताहेड़ी गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, नौमान की बाइक पेड़ से टकरा गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सावेज घायल हो गया था। घटनास्थल से एक महिला की चप्पल और बालों में लगाने वाला क्लिप भी मिला था। हालांकि पुलिस ने इसे सड़क हादसा बताया था।
नौमान पर शामली और पानीपत जिलों में कई मुकदमे दर्ज थे। इससे पहले 10 जनवरी को कैराना पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह बचकर निकल गया था।
प्रेमिका ने बताया घटना का पूरा घटनाक्रम
शनिवार को नौमान की बहन नुसरत, पिता जाहिद, भाई नदीम, चाचा राशिद सहित अन्य परिजन कोतवाली पहुंचे। उनके साथ नौमान की प्रेमिका भी मौजूद थी। नुसरत की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि नौमान की प्रेमिका धोलापड़ा गांव की रहने वाली है।
तहरीर के मुताबिक, 15 जुलाई की रात नौमान ने अपनी प्रेमिका को मिलने के लिए घर से बाहर बुलाया था। विवाहित प्रेमिका रात करीब एक बजे अपने घर की लगभग आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर बाहर आई। बताया गया कि नौमान अपने साथ काफी रुपये लेकर आया था। इसके बाद वह दोनों सावेज के साथ बाइक से धोलापड़ा गांव और ताताहेड़ी रोड स्थित जंगल की ओर चले गए।
आरोप है कि इसी दौरान धोलापड़ा गांव के कुछ युवकों ने उन्हें देख लिया और बाइक से उनका पीछा किया, लेकिन वे बचकर निकल गए। तहरीर में बताया गया कि तड़के करीब तीन बजे वापस लौटते समय चार-पांच युवकों ने उन्हें रोकने के लिए नौमान पर रेत फेंका। बचने के प्रयास में बाइक पेड़ से टकरा गई।
आरोप लगाया गया है कि इसके बाद युवकों ने नौमान और उसकी प्रेमिका के साथ मारपीट की, जिसमें प्रेमिका बेहोश हो गई। तहरीर में बताया गया कि करीब डेढ़ घंटे बाद सावेज ने उसे उठाया। होश आने पर उसने नौमान को खून और मिट्टी से लथपथ हालत में देखा।
इसके बाद वह किसी तरह अपनी ससुराल पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बताया गया कि डर के कारण अगले दिन सावेज ने भी इसे सड़क हादसा बताया। नौमान की बहन ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है।
ससुराल वाले प्रेमिका को मायके छोड़ गए
बताया गया कि घटना के अगले दिन ही नौमान की प्रेमिका को उसके ससुराल वाले बिना इलाज कराए मायके छोड़ गए थे। इसके बाद उसने नौमान की बहन को पूरी घटना के बारे में बताया और उनके साथ कोतवाली जाने की बात कही। प्रेमिका का मायका हमजागढ़ में है, जहां नौमान की ननिहाल भी है।
सीओ ने कही जांच की बात
सीओ शशिप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण चोट लगना बताया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.