सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, पत्नी ने इलाज को लेकर रखी मांग

HIGHLIGHTS
- सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, लंबे उपवास के बाद सफदरजंग अस्पताल में इलाज जारी।
- अस्पताल ने बताया कि डिहाइड्रेशन और लंबे उपवास के कारण कमजोरी आई, लगातार मेडिकल निगरानी की जा रही है।
- पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने परिवार और डॉक्टरों की सहमति के बिना इलाज न देने की अस्पताल प्रशासन से मांग की।
नई दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में उनकी स्थिति को लेकर जानकारी दी गई है।
इस बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने अस्पताल प्रशासन से अपील की है कि परिवार की सहमति और पिछले 20 दिनों से उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे डॉक्टरों की अनुमति के बिना उन्हें मुंह से या नस (आइवी) के माध्यम से कोई दवा, तरल पदार्थ या अन्य सामग्री न दी जाए।
शरीर में पानी की कमी से कमजोरी
अस्पताल के अनुसार, लंबे समय तक उपवास और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के कारण सोनम वांगचुक काफी कमजोर हो गए हैं। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन शरीर के जरूरी मानकों को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार मेडिकल निगरानी और उपचार की जरूरत है।
सुबह 7:40 बजे अस्पताल में भर्ती
दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह करीब 6:40 बजे जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची। इसके बाद सुबह 7:40 बजे उन्हें जरूरी चिकित्सकीय देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हाई कोर्ट के आदेश और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के आधार पर सोनम वांगचुक को अस्पताल लाया गया। पिछले कुछ दिनों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार खराब हो रही थी।
चिकित्सकों ने लंबे उपवास और डिहाइड्रेशन के कारण उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ने और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर असर की आशंका जताई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.