महावीर चौक प्रकरण में SSP से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच की मांग

HIGHLIGHTS
- महावीर चौक प्रकरण में सपा प्रतिनिधिमंडल ने SSP से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
- सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई।
- पार्टी नेताओं ने युधिष्ठिर पहलवान और मोनिका सिंह पर हुई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
महावीर चौक प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी ने अब अपना पक्ष मजबूती से रखा है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सपा का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के नेतृत्व में एसएसपी से मिला और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में चरथावल विधायक पंकज मलिक, वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूजा अंबेडकर समेत कई पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे। सपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।
एसएसपी से मुलाकात के बाद जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि महावीर चौक पर सपा और कांग्रेस की ओर से उस रात शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिस बल भी मौजूद था। उनका आरोप है कि इसी दौरान माहौल खराब करने की मंशा से एक व्यक्ति वहां पहुंचा और विवाद शुरू हो गया।
जिया चौधरी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की और उसे छोड़ दिया गया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान हंगामा करने वाले व्यक्ति का विरोध करने वाले सपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निष्पक्ष जांच की मांग
चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
सपा नेताओं ने सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान और उनकी पत्नी मोनिका सिंह के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच होने पर पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।
उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि 21 जुलाई की रात सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का महावीर चौक पर धरना चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और हंगामा शुरू हो गया।
इसके बाद युधिष्ठिर पहलवान और उनकी पत्नी मोनिका ने कुलदीप नामक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस की मौजूदगी में पीट दिया। इस मामले में कुलदीप की ओर से सिविल लाइन थाने में दोनों के खिलाफ नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.