ग्रेटर नोएडा हादसे में बड़ा एक्शन, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट; दो सुपरवाइजरों की सेवाएं खत्म

HIGHLIGHTS
- बोरवेल गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत।
- ठेकेदार कंपनी ब्लैकलिस्ट, एफआईआर दर्ज।
- दो सुपरवाइजर बर्खास्त, लापरवाही पर कार्रवाई।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसायटी में बोरवेल के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। वहीं, लापरवाही सामने आने पर जल विभाग के सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं। दोनों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया है।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था किए बिना काम शुरू करना ठेकेदार की गंभीर लापरवाही है। उन्होंने सभी वर्क सर्किल को निर्देश दिए हैं कि बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। यदि सुरक्षा इंतजामों के बिना काम शुरू किया गया तो संबंधित वर्क सर्किल के कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, कलाधाम सोसायटी में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन दिन पहले नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। ठेकेदार ने कार्य शुरू होने की सूचना जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। नलकूप के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया था।
शनिवार देर शाम कलाधाम सोसायटी निवासी केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव का छह वर्षीय बेटा अव्यान सूर्या खेलते समय उसी गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण उसकी डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा की ओर से नॉलेज पार्क कोतवाली में ठेकेदार की फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कारपोरेशन के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। इसके साथ ही अपने कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में प्राधिकरण के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जानी कुमार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.