सुल्तानपुर: भाजपा नेत्री का चौकी में युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज

HIGHLIGHTS
- सुल्तानपुर की शाहगंज पुलिस चौकी में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
- युवक ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद वह शिकायत लेकर चौकी पहुंचा था, जहां दोबारा उसके साथ मारपीट हुई।
- वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर में भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह नगर कोतवाली की शाहगंज पुलिस चौकी में एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। घटना के दौरान चौकी प्रभारी भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं।
मामला बुधवार रात का बताया जा रहा है। शहर के आदर्शनगर, पल्टू का पुरवा निवासी अरुण कोरी ने आरोप लगाया कि वह मुरारीदास की गली स्थित एक फर्म में काम करते हैं। बुधवार को जब वह शाहगंज चौराहे पर पहुंचे, तभी पूजा कसौधन अपने बेटे रौनक कसौधन के साथ वहां पहुंचीं।
अरुण का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अभद्रता की और मारपीट की। किसी तरह वहां से निकलकर वह शाहगंज पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र से मामले की शिकायत की।
पीड़ित के अनुसार, शिकायत के दौरान ही पूजा कसौधन अपने बेटे के साथ चौकी पहुंच गईं। आरोप है कि चौकी प्रभारी के सामने ही उन्होंने युवक के साथ दोबारा मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अरुण कोरी ने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें धमकाया भी गया। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले में क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.