हाथरस में दर्दनाक हादसा, जेसीबी का पंजा पेट में घुसने से 11 साल की बच्ची की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
- बच्ची के पिता अलीगढ़ से हाथरस पहुंचे, जहां बेटी का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कही।
हाथरस शहर के जोगीपुरा आदर्शनगर में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। नगर पालिका की जेसीबी की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्ची नैना की मौत हो गई। आरोप है कि जेसीबी चालक ने लापरवाही से वाहन को पीछे करते हुए उसका लोहे का पंजा घुमा दिया, जो बच्ची के पेट में जा घुसा। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जेसीबी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका के दादा विष्णु ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे उनके बेटे बबलू की गाय की मौत हो गई थी। उस समय बबलू अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज गया हुआ था। घर पर मौजूद परिजनों ने स्थानीय सभासद के जरिए नगर पालिका को सूचना दी और गाय को दफनाने के लिए जेसीबी मंगवाई गई। सूचना मिलने के बाद नगर पालिका से चालक और परिचालक जेसीबी लेकर पहुंचे।
गाय को दफनाने के लिए खोदा जा रहा था गड्ढा
दादा के मुताबिक, घर के पास खाली जगह में जेसीबी से गड्ढा खोदकर गाय को दफनाया गया। जेसीबी से हो रही खोदाई देखने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे और ग्रामीण वहां पहुंच गए थे। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद चालक ने लापरवाही बरतते हुए तेज रफ्तार में जेसीबी को पीछे किया और इसी दौरान उसका पंजा घुमा दिया।
पास में खड़ी 11 वर्षीय नैना इसकी चपेट में आ गई। जेसीबी का लोहे का पंजा उसके पेट में गहराई तक घुस गया, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने चालक और साथी पर लगाया नशे में होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जेसीबी चालक और उसका साथी नशे में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन को मोड़ते समय चालक ने पास खड़े बच्चों का ध्यान नहीं रखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के पिता बबलू अलीगढ़ से हाथरस पहुंचे। बेटी का शव देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसा चालक की लापरवाही के चलते हुआ है। मामले में परिजनों से मिलने वाली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.