उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसे, 9 लोगों की मौत से मचा कोहराम

उत्तराखंड में शनिवार का दिन कई जिलों के लिए दर्दनाक साबित हुआ, जहां अलग-अलग सड़क हादसों में कुल नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा जिलों में हुए इन हादसों के बाद अस्पतालों से लेकर गांवों तक मातम का माहौल फैल गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
उत्तरकाशी में कार खाई में गिरी, दो की मौत
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेलगुगाड़ से आगे गंगनानी की ओर एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 80 मीटर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। इस हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल उत्तरकाशी में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान महाराष्ट्र निवासी लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67) और दामोदर हरीराम जी रामटेककर (77) के रूप में हुई है। घायलों में ओडिशा और पंजाब के यात्री शामिल हैं।
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, तीन की मौत
रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में तोड़ीधार–पैलिंग मोटर मार्ग पर एक कार सड़क से फिसलकर करीब 50 फीट नीचे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी घायलों को अगस्त्यमुनि अस्पताल भेजा गया है।
चमोली में दर्दनाक हादसा, एक परिवार के तीन लोगों की मौत
चमोली जिले में लोहाजंग–ल्वाणी मार्ग पर सुबह करीब चार बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक पारिवारिक अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव लौट रहे थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
अल्मोड़ा में डंपर हादसा, चालक की मौत
अल्मोड़ा जिले में महरोली–चित्तौडखाल मोटर मार्ग पर रूडोली गांव के पास एक डंपर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक की मौत हो गई।
रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.