तमिलनाडु के TVK विधायक वीएस बाबू का निधन, चुनाव में एमके स्टालिन को दी थी शिकस्त

HIGHLIGHTS
- तमिलनाडु के TVK विधायक वीएस बाबू का गुरुवार को निधन हो गया।
- वह 75 वर्ष के थे और लंबे समय से श्वसन संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे।
- 9 सितंबर को उन्हें एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चेन्नई। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) के विधायक वीएस बाबू का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने अप्रैल 2026 में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। कोलाथुर से विधायक 75 वर्षीय बाबू को 9 सितंबर को एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे और गहन चिकित्सा में उनका इलाज चल रहा था।
अस्पताल के निदेशक-चिकित्सा सेवाएं राजेश अग्रवाल ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी। बयान के मुताबिक, तमाम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के बावजूद वीएस बाबू की स्थिति में लगातार गिरावट आती रही। उपचार का भी उन पर कोई असर नहीं हुआ। बाद में उन्हें हृदय गति रुकने की समस्या हुई और गुरुवार दोपहर 2:24 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
वीएस बाबू का राजनीतिक सफर
वीएस बाबू अनुभवी राजनेता और पूर्व विधायक थे। उन्होंने वर्ष 2006 में डीएमके के सदस्य के तौर पर पुरावसलकम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। वह 2006 से 2011 तक इस क्षेत्र के विधायक रहे। इस चुनाव में उन्होंने एआईएडीएमके उम्मीदवार को 90 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था।
इसके बाद 7 फरवरी 2026 को वीएस बाबू अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए थे।
डीएमके से कैसे हुआ वीएस बाबू का अलगाव?
वीएस बाबू वर्ष 2011 तक डीएमके के उत्तर चेन्नई जिला सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 2011 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया था। हालांकि, इस सीट से मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की जीत का अंतर कम रहने पर उनसे सवाल किए गए। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें इस जिम्मेदारी से हटा दिया।
बाद में बाबू ने पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके का दामन थाम लिया। इसके बाद वह टीवीके में शामिल हो गए। वर्ष 2026 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 3.7 करोड़ रुपये घोषित की थी।
विधानसभा चुनाव में एमके स्टालिन को दी थी शिकस्त
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन को कोलाथुर विधानसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। टीवीके उम्मीदवार वीएस बाबू ने उन्हें 7,731 वोटों के अंतर से पराजित किया था।
इस हार के साथ एमके स्टालिन राज्य के इतिहास में पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के बाद विधानसभा चुनाव हारने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बने थे। वीएस बाबू पहले डीएमके में पदाधिकारी रह चुके थे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी बदल ली थी।
इससे पहले वर्ष 1996 में भी ऐसा ही राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला था। उस समय बरगुर विधानसभा क्षेत्र से डीएमके के ईजी सुगावनम ने जयललिता को चुनाव में हराया था। वहीं, एमके स्टालिन ने कोलाथुर विधानसभा सीट से वर्ष 2011, 2016 और 2021 में लगातार जीत दर्ज की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.