यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर मंथन जारी, अगली दो बैठकों में होगा फैसला

HIGHLIGHTS
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है।
- दोनों दलों के नेताओं ने दिल्ली में सीट शेयरिंग को लेकर बैठक की।
- सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि सभी 403 सीटों पर चर्चा हो रही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। इसी सिलसिले में दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद बाहर आए सपा नेता रामगोपाल यादव ने बताया कि गठबंधन में सीट-दर-सीट चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगली दो बैठकों में बातचीत पूरी कर ली जाएगी।
रामगोपाल यादव ने कहा, "हम लोगों ने हर सीट पर चर्चा की। बहुत ही सकारात्मक चर्चा हुई। 403 सीटें बहुत सीटें हैं, इसलिए अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाई है। लेकिन आप भरोसा रखिए कि गठबंधन की अगली दो बैठकों के बाद हम लोग अपनी चर्चा पूरी कर लेंगे। किसी ने अभी सीटों की मांग नहीं की है। हम सभी सीटों पर चर्चा कर रहे हैं। वार्ता तब तक चलती रहेगी, जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता है। जल्द ही हम अगली बैठक करेंगे।"
वहीं, सपा सांसद राजीव राय ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि दोनों दलों के बीच हर सीट पर बातचीत हुई है। उन्होंने बताया, "सीट दर सीट बातचीत हुई है। मैंने पहले भी कहा था कि हर सीट पर चर्चा होगी। सभी ने अपने समीकरण बताए हैं। हम लोग उसका अध्ययन कर रहे हैं।"
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बैठक को सकारात्मक बताया। सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर हुई दूसरे दौर की बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि अगली दो बैठकों में इस पर अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा।
राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, काफी बड़ी संख्या में सीटों पर चर्चा हो चुकी है और हर सीट पर आंकड़ों के साथ बातचीत की गई है। उन्होंने कहा, "सकारात्मक बातचीत चल रही है। हम बहुत सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। निश्चित है कि दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं। अगली दो बैठकों में हम लोग इसे संपन्न कर लेंगे और हमारा समझौता हो जाएगा।"
कांग्रेस ने गठबंधन में मांगी थीं 181 सीटें
बैठक से पहले कांग्रेस ने गठबंधन के तहत 181 सीटों की मांग रखी थी। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, रामगोपाल यादव ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी पक्ष ने सीटों की मांग नहीं की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.