इंस्टाग्राम पर तमंचा लहराकर बना रहा था दबदबा, ‘बल्लू दादा जाफराबादी’ नामक युवक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- इंस्टाग्राम पर तमंचे के साथ वीडियो पोस्ट कर खुद को ‘बल्लू दादा जाफराबादी’ बताने वाला युवक साथी समेत गिरफ्तार।
- पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, झपटमारी का मोबाइल और हथियारों से जुड़े वीडियो बरामद किए।
- पूछताछ में मोबाइल झपटमारी की वारदातों का खुलासा, पुलिस अवैध हथियारों के नेटवर्क की जांच कर रही है।
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो और स्टोरी पोस्ट कर अपनी छवि बनाने की कोशिश करने वाले एक युवक को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना पुलिस ने आरोपी अरमान (22) और उसके साथी रिहान (19) को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, अरमान इंस्टाग्राम पर तमंचा लहराते हुए वीडियो डालता था और खुद को ‘बल्लू दादा जाफराबादी’ बताकर पहचान बनाने की कोशिश कर रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा, कारतूस, झपटमारी का मोबाइल फोन और हथियारों से जुड़े वीडियो बरामद किए हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट से हुई पहचान
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार हथियारों के साथ वीडियो और स्टोरी अपलोड की जा रही हैं।
जानकारी की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की और 10 जुलाई को घोंडा चौक के पास पंचवटी पार्क इलाके में कार्रवाई करते हुए अरमान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई झपटमारी की घटनाएं
पुलिस पूछताछ में अरमान ने बताया कि उसने अपने साथी रिहान के साथ मिलकर 23 जून और 9 जुलाई को मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था।
इसके बाद पुलिस ने रिहान को चौहान बांगर इलाके से गिरफ्तार किया। उसके पास से झपटमारी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
हथियारों के स्रोत की जांच जारी
पुलिस ने अरमान का मोबाइल भी कब्जे में लिया है, जिसमें चाकू और अन्य अवैध हथियारों के साथ बनाए गए कई वीडियो मिले हैं। इन वीडियो की जांच की जा रही है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से हासिल करता था और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं। साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में शामिल होने की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.