अयोध्या में 15 दिनों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, एक करोड़ से अधिक भक्तों ने किए रामलला के दर्शन

HIGHLIGHTS
- कार्तिक माह के 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।
- दीपोत्सव में करीब 10 लाख भक्तों ने हिस्सा लिया।
- चौदह कोसी परिक्रमा में लगभग 30 लाख और पंचकोसी परिक्रमा में करीब 50 लाख श्रद्धालु शामिल हुए।
अयोध्या: कार्तिक माह के दौरान रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। बीते 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक भक्तों ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया। दीपोत्सव, चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा के साथ कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते पूरा शहर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
व्यापारियों के मुताबिक, इस बार जितनी भीड़ और कारोबार देखने को मिला, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। राम मंदिर के अलावा अयोध्या के दूसरे धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंची। सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह बेहतर व्यवस्थाएं और विकास कार्य जारी रहे तो आने वाले समय में अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ सकती है।
दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक अयोध्या पहुंचे एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। वहीं, चौदह कोसी परिक्रमा में लगभग 30 लाख और पंचकोसी परिक्रमा में करीब 50 लाख भक्तों ने हिस्सा लिया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान के लिए भी लगभग 35 लाख श्रद्धालु रामनगरी पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों का भी रुख किया। सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड में भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इन आयोजनों के दौरान पूरा शहर भक्तों और पर्यटकों से गुलजार रहा।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद आस्था के साथ पर्यटन का भी बढ़ा दायरा
योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में अयोध्या में हुए विकास कार्यों ने इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने में अहम भूमिका निभाई। नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, विस्तारित रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कें, आधुनिक पार्किंग, बेहतर रोशनी और साफ-सफाई जैसी सुविधाओं से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली।
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन का दायरा भी बढ़ा है। सरकार की ओर से बुनियादी सुविधाओं के अलावा सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन करने में मदद मिली।
15 दिनों में हुआ उतना कारोबार, जितना पहले पूरे साल में होता था
हनुमानगढ़ी के नजदीक फूल-माला और प्रसाद की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि दीपोत्सव से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक उनकी दुकान पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। उन्होंने कहा कि पहले पूरे साल में जितना कारोबार होता था, उतनी कमाई इन 15 दिनों में ही हो गई।
रामप्रकाश शर्मा के मुताबिक, योगी सरकार ने अयोध्या को साफ-सुथरा और सुविधाजनक बनाया है। इसके चलते श्रद्धालु आसानी से यहां पहुंच रहे हैं और खरीदारी भी पहले से अधिक कर रहे हैं।
सरकार की विकास योजनाओं से व्यापारियों को मिल रहा लाभ
रामकोट इलाके में पूजा सामग्री और स्मृति चिह्नों की दुकान चलाने वाले व्यापारी अजय कुमार ने बताया कि इस बार अयोध्या में पर्यटकों के साथ श्रद्धालुओं की भी अच्छी संख्या रही। राम मंदिर के अलावा सूर्यकुंड और गुप्तारघाट में भी काफी भीड़ देखने को मिली।
उन्होंने कहा कि कारोबार पहले के मुकाबले दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। सड़कों के चौड़ीकरण, बेहतर लाइटिंग और पार्किंग की सुविधाओं से लोगों को आने-जाने में आसानी हुई है। सरकार की विकास योजनाओं का लाभ स्थानीय व्यापारियों को भी मिल रहा है।
विकास कार्यों से स्थानीय कारोबार को मिली नई रफ्तार
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का फायदा शहर के होटल, रेस्तरां, ऑटो-रिक्शा संचालकों और स्थानीय दुकानदारों को भी मिला। मेले और परिक्रमा के दौरान प्रशासन ने अलग-अलग विभागों के साथ समन्वय बनाकर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
योगी सरकार की ओर से अयोध्या को विश्वस्तरीय तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने की कोशिशों का असर दिखाई दे रहा है। विकास कार्यों से न केवल यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं। पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के चलते दीपोत्सव, चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा तथा कार्तिक पूर्णिमा स्नान सहित सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.