अखिलेश यादव के रोड शो में हादसा: 14 वर्षीय छात्र की मौत, पांच सपा नेताओं समेत 66 पर केस

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए हादसे में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई।
- आर्यवर्धन भाजपा नेता ओंकार सिंह के बड़े बेटे थे।
- परिजनों ने रोड शो में शामिल तेज रफ्तार जेसीबी से टक्कर लगने का आरोप लगाया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने पांच सपा नेताओं समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मृतक के पिता की शिकायत पर एम्स थाना पुलिस ने जेसीबी के अज्ञात चालक, आयोजन समिति के पांच नामजद पदाधिकारियों और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि रोड शो में शामिल तेज रफ्तार जेसीबी ने किशोर को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद जेसीबी चालक और आयोजन समिति से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।
आवास विकास कॉलोनी, कूनराघाट (झारखंडी) निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग में जिला सह-संयोजक हैं। उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन सिंह बुधवार (18 नवंबर) को दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच अपनी बहन समृद्धि को लेने महादेव झारखंडी गेट के पास मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी की रथ यात्रा में शामिल जेसीबी (UP53ET6053) ने उसे टक्कर मार दी।
परिजनों का आरोप है कि जेसीबी को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन आरोप है कि आयोजन समिति के लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर वहां से भाग गए। इसके बाद अनुपम सिंह और अन्य राहगीरों की मदद से आर्यवर्धन को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग को जाम कर धरना शुरू कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद देर रात किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के पिता ओंकार सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर एम्स थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार (19 नवंबर) तड़के करीब 2:30 बजे प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में जेसीबी के अज्ञात चालक के साथ आयोजन समिति से जुड़े साधू यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ विट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश को नामजद किया गया है। इसके अलावा 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मोनू कुमार को सौंपी गई है।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि इस मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.