यूपी को मिली पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी की सौगात, सीएम योगी ने किया भूमि पूजन

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश को पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी मिलने जा रही है।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के भारीवैसी में भूमि पूजन और आधारशिला रखी।
- विश्वविद्यालय का निर्माण करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से होगा।
उत्तर प्रदेश को पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित भारीवैसी में प्रस्तावित विश्वविद्यालय का भूमि पूजन कर उसकी आधारशिला रखी। इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर करीब 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे 123 एकड़ से अधिक जमीन पर विकसित किया जाएगा। इसके शुरू होने से प्रदेश में वानिकी और औद्यानिकी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
इस विश्वविद्यालय की स्थापना का मकसद वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में उच्चस्तरीय शिक्षा और अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। यहां वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल और बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।
बीएससी से पीएचडी तक पढ़ाई की मिलेगी सुविधा
प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा स्तर के पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है। इसके लिए आधुनिक शैक्षणिक और शोध संबंधी सुविधाएं तैयार की जाएंगी। परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण होगा। इसके साथ ही 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास, 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी बनाए जाएंगे।
किसानों को आधुनिक तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण
विश्वविद्यालय में पढ़ाई और अनुसंधान के साथ किसानों को प्रशिक्षण देने पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। वानिकी एवं औद्यानिकी से संबंधित शोध को किसानों तक पहुंचाने की योजना है। इससे आधुनिक बागवानी तकनीकों, कृषि वानिकी और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिल सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.