यूपी: ओम प्रकाश राजभर का आजम खां पर तंज, बोले- पहले अपनी जान बचाएं

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद आजम खां जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे।
- आजम खां ने कहा कि 2027 का चुनाव नहीं, बल्कि इंकलाब होगा।
- उन्होंने कहा कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है।
सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद सपा नेता आजम खां जेल से बाहर आकर रामपुर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव इंकलाब होगा। उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खां को पहले अपनी जान बचानी चाहिए। उन्होंने जिंदगीभर गुलामी की है।
ओम प्रकाश राजभर ने आजम खां को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह अखिलेश यादव से यूपी का अगला मुख्यमंत्री किसी मुस्लिम को घोषित करने की बात कहें। ऐसा करने पर अखिलेश यादव उन्हें पार्टी से निकालकर बाहर कर देंगे।
रामपुर पहुंचते ही दिखाए पुराने तेवर
जेल से रिहा होने के बाद बुधवार रात रामपुर पहुंचे सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां ने अपने पुराने तेवर दिखाए। देश की मौजूदा परिस्थितियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अब उन्हें यकीन हो गया है कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। संविधान को आजाद कराने के लिए सभी को मिलकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में चुनाव नहीं, बल्कि इंकलाब होगा। यह लड़ाई धर्म और जाति के आधार पर नहीं, बल्कि मुद्दों को लेकर लड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी से बदला लेना नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई लड़ना है।
रामपुर स्थित अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में आजम खां ने कहा कि वह संविधान और कानून के लिए पहले भी मरने को तैयार थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश में संविधान की रक्षा करने और उसकी गरिमा बनाए रखने की जरूरत है। संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। आज जिस तरह के कानून बनाए जा रहे हैं, उन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। संस्थाओं को अपना स्तर और भरोसेमंद छवि बनाए रखनी चाहिए।
लोकसभा और विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर जीत मिली, वे भी उन्हें बेमानी लगीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बच्चों के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय खोलने वाला व्यक्ति भी माफिया हो सकता है? तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति ईडी का मुल्जिम हो सकता है, तो विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.