भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, फायरिंग के बाद लाठी-डंडों से पीटा; गांव पहुंचकर घर में भी की तोड़फोड़

HIGHLIGHTS
- किटियावां गांव के प्रधान प्रतिनिधि और भाजपा नेता विजय कुमार सिंह पर जानलेवा हमले का आरोप।
- कमलानगर बाजार स्थित हनुमान इंटर कॉलेज के पास हुई घटना।
- आरोपियों ने तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी।
कमलानगर। किटियावां गांव के प्रधान प्रतिनिधि और भाजपा नेता विजय कुमार सिंह पर कमलानगर बाजार में हनुमान इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर तमंचे से गोली चलाई, लेकिन निशाना चूक गया। इसके बाद धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। विजय के बचकर भागने पर उनके भाई अजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने उन्हें भी घेरकर पीटा।
आरोप है कि घटना के बाद 10-12 लोग मोटरसाइकिलों से गांव पहुंचे और घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी कार और बाइक में तोड़फोड़ की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
लाठी-डंडों और तमंचे की बट से किया हमला
विजय कुमार सिंह ने मुंशीगंज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार को वह कमलानगर स्थित हनुमान इंटर कॉलेज के पास मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान बांके बिहारी सिंह के इशारे पर पहले से घात लगाए सौरभ सिंह उर्फ गजेंद्र, वैभव सिंह, महेंद्र यादव, सचिन यादव, आशीष यादव और तीन-चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और तमंचे की बट से उनकी पिटाई शुरू कर दी। विजय ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेरकर दोबारा हमला किया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं।
विजय के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर उनके भाई अजय सिंह अपनी दुकान से वहां पहुंचे। हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मोटरसाइकिलों से गांव पहुंचे 10-12 अज्ञात लोग
आरोप है कि इसके बाद 10-12 अज्ञात लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर खड़ी कार और बाइक को तोड़ दिया। इसके बाद घर में घुसकर महिलाओं के साथ गालीगलौज और अभद्रता की। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वे पूरे घर को खत्म कर देंगे। पीड़ित का कहना है कि इस घटना के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। इसमें कुछ लोग कार में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.