आगरा: कंटेनर ने दो ऑटो को मारी टक्कर, पांच लोगों की मौत

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर ने सड़क पर चल रहे दो ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी यात्री जगन्नाथ पुरी की तीर्थयात्रा से लौट रहे थे। वे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद सहपऊ क्षेत्र के अपने गांव जाने के लिए ऑटो में सवार हुए थे। रास्ते में नगला चंदन–जलेसर रोड पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ऑटो एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आए कंटेनर ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और उसके बाद दूसरे को भी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, जिसके बाद उसके साथ हाथापाई भी हुई।
जगन्नाथ पुरी से लौट रहे थे यात्री
थाना सहपऊ के गांव भादऊ निवासी सात लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए रवाना हुए थे। वापसी में वे जबलपुर होते हुए आगरा कैंट पहुंचे और वहां से ऑटो बुक कर अपने गांव के लिए निकले थे। ऑटो में बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह और उदय सिंह सवार थे, जबकि शाहिद खान वाहन चला रहा था।
हादसे में बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धनप्रसाद को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है, जबकि विजय सिंह और उदय सिंह का यमुना पार स्थित अम्बे अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल पहुंचाए गए शव
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.