महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर राजघाट में सर्वधर्म प्रार्थना सभा, पीएम मोदी ने किया नमन

HIGHLIGHTS
- देशभर में आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मनाई जा रही है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजघाट पहुंचे।
- पीएम मोदी ने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
देश आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मना रहा है। गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद गांधी समाधि पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना की और बापू के सत्य व अहिंसा के संदेश को याद किया।
ओम बिरला ने राजघाट पहुंचकर किया नमन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर बापू को नमन किया।
मनोहर लाल खट्टर ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। गांधी जयंती के अवसर पर उन्होंने बापू को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
एलजी तारणजीत सिंह संधू ने राजघाट पर किया नमन
दिल्ली के उपराज्यपाल तारणजीत सिंह संधू गांधी जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचे। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
सीएम रेखा गुप्ता ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा में लिया हिस्सा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजघाट स्थित गांधी समाधि पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लिया। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
नितिन गडकरी ने गांधी जयंती पर बापू को किया याद
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महात्मा गांधी को याद करते हुए पोस्ट किया गया। इसमें लिखा गया, "संपूर्ण विश्व को शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन अपने आप में एक आदर्श था। उनके स्वदेशी, स्वराज के विचार सदियों को प्रेरित करते रहेंगे। गांधी जयंती के अवसर पर बापू को कोटि-कोटि नमन।"
सीएम योगी ने गांधी के विचारों को किया याद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। पोस्ट में लिखा गया, "सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले, 'राष्ट्रपिता' महात्मा गांधी जी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन। प्रदेश वासियों को 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामनाएं। श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।"
रेखा गुप्ता ने बताया गांधी के विचारों को प्रासंगिक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महात्मा गांधी को नमन किया। उन्होंने लिखा, "महात्मा गांधी की जीवन-यात्रा राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की एक विराट साधना थी। सत्य और अहिंसा के उनके विचारों ने विश्व को मानवता और शांति का मार्ग दिखाया। स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वराज का उनका चिंतन आज भी भारत की चेतना में जीवंत है और आत्मनिर्भर, समर्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की हमारी यात्रा को प्रेरित करता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.