पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार को बताया हीरो, सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने पर की तारीफ

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की।
- प्रधानमंत्री ने स्मित मच्छार को हीरो बताया।
- पीएम मोदी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने साहस दिखाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है। पीएम मोदी ने पायलट स्मित मच्छार को हीरो बताया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, 'स्मित मच्छार एक हीरो हैं।'
पीएम मोदी ने कहा कि बेहद खतरनाक परिस्थितियों और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस दिखाया। उनकी बहादुरी की वजह से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
भारतीय पायलट ने कैसे बचाई 174 यात्रियों की जान?
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को हाईजैक कर क्रैश करने की कोशिश की गई। आरोप सह-पायलट पर है। विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने कथित साजिश को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान सह-पायलट ने स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया और विमान के सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की। इसके बावजूद कैप्टन मच्छार ने चाकू के कई वार झेलने के बाद भी हिम्मत दिखाई और विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोला।
इसके बाद विमान में मौजूद दो ऑफ ड्यूटी इस्राइली पायलट और अन्य यात्रियों ने हमलावर को काबू किया। इस तरह 174 यात्रियों को लेकर जा रहे विमान को क्रैश होने से बचाया गया। घटना में कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए हैं और सऊदी अरब के ताबुक स्थित अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने भी की भारतीय पायलट की तारीफ
विमान में सवार 174 यात्रियों में 150 इस्राइली नागरिक थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। इसी वजह से इस्राइली सरकार की ओर से भी भारतीय पायलट की तारीफ की गई है।
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा, 'मैं इन नायकों को सलाम करता हूं, जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक दिया। वह एक सच्चे नायक हैं।'
बेन गुरियन एयरपोर्ट के लाउंज का नाम कैप्टन मच्छार के नाम पर रखने की तैयारी
इस्राइल के डिप्टी मिनिस्टर अल्मोग कोहेन ने कैप्टन स्मित मच्छार को पूरे इस्राइल का हीरो बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'आज इस्राइल देश के हीरो भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार हैं। अपनी अद्भुत सूझ-बूझ से उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला और इस्राइली शेरों को उस कायल लकड़बग्घे पर झपटने का मौका दे दिया, जिसने लगभग 200 बेगुनाहों की जान लेने की कोशिश की। कैप्टन मच्छार, इस्राइल आपका आभारी है।'
अल्मोग कोहेन ने कहा कि अगली बार इस्राइली संसद की बैठक होने पर वह बेन गुरियन एयरपोर्ट के एक लाउंज का नाम कैप्टन स्मित मच्छार के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.