भजनलाल ने पीएम मोदी से की मुलाकात, राजस्थान मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरे को राजस्थान की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीएम के दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद 3 दिसंबर को सचिवालय में कैबिनेट बैठक बुलाने से राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, मुलाकात में दो प्रमुख मुद्दे उठाए गए: प्रवासी राजस्थानी दिवस सम्मेलन और संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल। सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री को औपचारिक रूप से 10 दिसंबर को जयपुर में होने वाले पहले प्रवासी राजस्थानी दिवस सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। यह कार्यक्रम जेईसीसी सभागार में आयोजित होगा। राज्य सरकार ने पिछले साल राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान यह तय किया था कि हर वर्ष प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित करने और उनकी उपलब्धियों को उजागर करने के लिए यह दिवस मनाया जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंत्रीमंडल फेरबदल के प्रस्तावों का खाका सीएम ने पीएम को सौंपा है। इसके बाद जल्द ही राजस्थान में बड़े पैमाने पर मंत्रियों के फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने पहले ही संकेत दिया था कि यह एक लंबी प्रक्रिया है और कुछ समय इंतजार करना होगा।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ नई टीम की घोषणा कर चुके हैं, और अब पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को राजनीतिक नियुक्तियों के जरिए एडजस्ट करने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने बुधवार दोपहर 3 बजे कैबिनेट बैठक बुलाई है, जिसके बाद 4 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक भी होगी। लगातार बैठकों ने अटकलों को और हवा दे दी है।
भजनलाल शर्मा पांच दिन में दूसरी बार दिल्ली गए हैं। 28 नवंबर को उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की थी। वहीं, सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर प्रस्तावित बाड़मेर रिफाइनरी का उद्घाटन फिलहाल स्थगित किया गया है। इससे पहले 13 नवंबर को दिल्ली दौरे के बाद मुख्य सचिव स्तर पर बड़े प्रशासनिक बदलाव भी किए गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.