बिजनौर के युवक की मुंबई में हत्या, ओला कैब चलाकर करता था रोज़गार

बिजनौर। शेरकोट के मोहल्ला खुराड़ा निवासी 22 वर्षीय युवक की मुंबई में हत्या कर दी गई। वह करीब तीन महीने पहले रोज़गार की तलाश में मुंबई गया था और वहां ओला कैब चलाकर परिवार का सहारा बना हुआ था। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक नासिर पुत्र सलामतुल्ला पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके भाई शहनवाज ने बताया कि नासिर लगभग तीन माह पहले काम की तलाश में मुंबई गया था और वहां ओला कैब चालक के रूप में काम कर रहा था। बृहस्पतिवार को उसे टीटवाला से पुणे जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग मिली थी। दोपहर करीब तीन बजे वह यात्री को लेकर पुणे के लिए रवाना हुआ था।
बताया गया कि जब मुंबई में ही रह रहे उसके दूसरे भाई आमिर ने नासिर से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद जीपीएस लोकेशन के आधार पर शुक्रवार को उसकी कार पुणे रोड पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार के अंदर खून के धब्बे और एक चाकू भी पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान शनिवार देर शाम पुणे के पास जुनर घाट के निकट झाड़ियों में नासिर का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार मुंबई में ही करने का निर्णय लिया। वहीं बिजनौर स्थित उसके घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.