'भाजपा ने जबरन बंद कराईं दुकानें', राहुल गांधी ने पूछा- व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है?

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा पर निशाना साधा।
- व्यापारियों के संगठन CTI ने पहले ही रैली की तारीख बदलने की मांग की थी।
- CTI ने बुराड़ी मैदान और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को वैकल्पिक स्थल सुझाया था।
नई दिल्ली। रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भाजपा पर दुकानदारों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर दावा किया कि रैली के दौरान भाजपा ने दुकानों को जबरन बंद कराया और इससे व्यापारियों का नुकसान हो रहा है।
राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा, 'हमने सभी लोगों से कहा था कि जब आप मार्च और इस बड़ी रैली में शामिल होने आएं तो कुछ सामान खरीदें और खरीदारी भी करें। लेकिन जब हम यहां कनॉट प्लेस की ओर आ रहे थे, तो हमें पता चला कि भाजपा ने जबरन सभी दुकानों को बंद करा दिया है। इसलिए आपको पता होना चाहिए कि व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है और यह सब कैसे हो रहा है।'
व्यापारियों ने पहले ही रैली टालने की अपील की थी
दरअसल, दिल्ली के व्यापारियों ने राहुल गांधी से कांग्रेस की रैली की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी। व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस संबंध में राहुल गांधी को पत्र भी लिखा था।
संगठन का कहना था कि रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से दिल्ली के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। CTI ने रैली की तारीख बदलने के अलावा वैकल्पिक आयोजन स्थल के रूप में बुराड़ी मैदान और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का सुझाव भी दिया था। हालांकि, विपक्षी गठबंधन ने रैली स्थगित करने से इनकार कर दिया।
राहुल ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने को कहा था
रैली से एक दिन पहले शनिवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की थी। उनका कहना था कि इससे दिल्ली के व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, 'कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं। त्योहारों का मौसम है। दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है। मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें। प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए - व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।
मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी। भाजपा डरी हुई है इसलिए अफवाह फैला रही है। मगर, दोनों काम करते हैं। मार्च होगा, रैली होगी और लाखों लोग हमारे व्यापारियों की छोटी-छोटी दुकानों में से सामान खरीदेंगे। आप सबको बहुत-बहुत प्यार। शुभ दिवाली। जय हिंद।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.