कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन बम की धमकी, फुकेत से आई फ्लाइट की तलाशी

HIGHLIGHTS
- शुरुआती आशंका है कि धमकी भरा संदेश दहशत फैलाने के इरादे से लिखा गया था।
- शुक्रवार को महिलाओं के शौचालय में भी हाथ से लिखा धमकी भरा नोट मिला था।
- संदेश लिखने वाले की पहचान के लिए यात्रियों की सूची और सीसीटीवी फुटेज की जांच हो रही है।
कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को लगातार दूसरे दिन बम की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। फुकेत से कोलकाता पहुंची एक उड़ान के शौचालय में बम की धमकी से जुड़ा संदेश मिला। इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विमान की गहन तलाशी ली गई।
हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट पुलिस ने विमान की जांच की। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया गया। शुरुआती आशंका है कि यह संदेश दहशत फैलाने के उद्देश्य से लिखा गया था। मामले की जांच जारी है।
24 घंटे के भीतर दूसरी बार मिली बम की धमकी
कोलकाता एयरपोर्ट पर शनिवार को सामने आया यह मामला शुक्रवार की घटना के अगले दिन हुआ। शुक्रवार को भी महिलाओं के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट मिला था। उसमें बोर्डिंग गेट पर बम होने की धमकी दी गई थी।
लगातार दो दिनों तक इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और सख्त कर दी है।
यात्रियों की सूची और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
विधाननगर सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमकी भरा संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए यात्रियों की सूची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदेश किसने लिखा और किन परिस्थितियों में इसे लिखा गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.