सीएम सम्राट चौधरी ने किया बिहार की पहली नदी लिंक परियोजना का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा लाभ

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर में बिहार की पहली नदी जोड़ो परियोजना बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का उद्घाटन किया।
- बागमती नदी का पानी लिंक चैनल के जरिए मुजफ्फरपुर की बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाया गया, जिससे सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।
- परियोजना से शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के करीब 50 लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बिहार के जल प्रबंधन और विकास के क्षेत्र में रविवार का दिन अहम साबित हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले में बिहार की पहली नदी जोड़ो परियोजना का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया।
इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही बेलवा डैम से निकलने वाली बागमती नदी की धारा लिंक चैनल के जरिए मुजफ्फरपुर के मीनापुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी की ओर प्रवाहित होने लगी। इस ऐतिहासिक अवसर के दौरान बड़ी संख्या में मंत्री, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
130 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार हुआ लिंक चैनल
मुख्यमंत्री ने 130 करोड़ 88 लाख 57 हजार रुपये की लागत से बने बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने कुल 184 करोड़ छह लाख 82 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई की समस्या से राहत मिलेगी और बाढ़ की चुनौती को भी कम किया जा सकेगा।
50 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
शिवहर के अंतिम छोर और पूर्वी चंपारण सीमा के पास स्थित बेलवा में बने इस डैम से शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिलों के किसानों को फायदा मिलेगा। परियोजना से करीब 50 लाख किसानों की 1.39 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
इस परियोजना से क्षेत्र को हर साल आने वाली बाढ़ से राहत मिलने की भी उम्मीद जताई गई है। इसके तहत बागमती नदी की मुख्य धारा का 40 फीसदी पानी यानी करीब 50 लाख क्यूसेक जल लिंक चैनल के माध्यम से बूढ़ी गंडक नदी में भेजा जा सकेगा।
18 योजनाओं का शिलान्यास और 22 योजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा और भवन प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों की 3493.45 लाख रुपये की 18 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं 14913.37 लाख रुपये की 22 अन्य सरकारी योजनाओं का उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी और नेता
कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार और जिलाधिकारी प्रतिभा रानी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.