शामली में गरजे CM योगी, बोले- सपा और कांग्रेस जिन्ना के उपासक, इन्होंने कराया कैराना से पलायन

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने शामली में 581 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- जनसभा में योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कैराना पलायन, राम मंदिर चंदा मामले और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष को घेरा।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास, किसानों की समृद्धि और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए लगातार काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार 17 जुलाई को शामली में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शामली में 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को जिन्ना का उपासक बताया और कैराना से हुए पलायन के लिए जिम्मेदार ठहराया। राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर भी उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं, वही लोग 2017 से पहले जय श्रीराम बोलने पर लाठी चलाते थे और गोली चलाते थे।
हम अन्नदाता किसानों के उपासक हैं: सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम लोग अन्नदाता किसानों के उपासक हैं। डबल इंजन की सरकार ने किसानों के लिए काम करके दिखाया है।
उन्होंने कहा कि जिन्ना के अनुयायी जब भी मौका पाएंगे, वे लोगों को बांटने का काम करेंगे। जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटकर अराजकता फैलाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व की सपा सरकार और कांग्रेस पर डेमोग्राफी बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन्हीं कारणों से कांधला और कैराना से पलायन हुआ था।
चौधरी चरण सिंह के सपनों को पूरा कर रही सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाते थे। कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन रोके जाते थे और रामनवमी की शोभायात्रा नहीं निकलने दी जाती थी। उन्होंने धार्मिक स्थलों की संपत्तियों पर कब्जे का भी आरोप लगाया।
सीएम योगी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, यहां के किसानों और युवाओं के लिए चौधरी चरण सिंह ने जो सपना देखा था, उसे आज डबल इंजन की सरकार साकार कर रही है।
सपा-बसपा सरकार में बंद हुईं चीनी मिलें: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 से 2017 के बीच सपा और बसपा सरकारों के दौरान कुल 29 चीनी मिलें बंद हुईं, जबकि 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया गया।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं। प्रदेश चीनी उत्पादन, गन्ना उत्पादन और एथेनॉल उत्पादन में नंबर एक राज्य बनकर किसानों की समृद्धि का कारण बना हुआ है।
शामली और कैराना को लेकर सीएम ने गिनाईं उपलब्धियां
सीएम योगी ने कहा कि करीब दस साल पहले शामली लोगों के लिए कौतूहल का विषय था। लोग पूछते थे कि शामली जिला कहां है। उन्होंने कहा कि उस समय यह क्षेत्र दहशत और भय का प्रतीक बना हुआ था। पलायन होता था, खुलेआम गुंडागर्दी होती थी और कोई सुरक्षित नहीं था।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में विकास कार्य ठप थे, युवा निराश थे, किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे, बहन-बेटियां बाहर निकलने से डरती थीं, उद्योग प्रभावित थे और सड़कों की स्थिति खराब थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कैराना और शामली को देखकर उन्हें खुशी होती है। उन्होंने कहा कि जैसे प्रयागराज त्रिवेणी के लिए जाना जाता है, वैसे ही शामली जिला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे, शामली-अंबाला एक्सप्रेस वे और शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस वे का त्रिवेणी संगम बन चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.