कृष्णबाग कॉलोनी में मंदिर हटाने पहुंचा प्रशासन, लोगों के विरोध के बाद वापस लौटी टीम

HIGHLIGHTS
- इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में कालिका माता मंदिर हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
- स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों के विरोध के बाद प्रशासन ने कदम पीछे खींच लिए।
- एसडीएम घनश्याम धनगर ने कहा कि फिलहाल मंदिर हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इंदौर। कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कालिका माता मंदिर को हटाने का प्रस्ताव फिलहाल टाल दिया गया है। कॉलोनी में अवैध निर्माण हटाने के अभियान के तहत मंदिर को भी हटाया जाना था, लेकिन स्थानीय लोगों के जोरदार विरोध के बाद प्रशासन ने अपना फैसला स्थगित कर दिया। एसडीएम घनश्याम धनगर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मंदिर को हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विरोध के चलते प्रशासनिक टीम को लौटना पड़ा
सोमवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध और मौके पर बढ़ते तनाव को देखते हुए एसडीएम घनश्याम धनगर को भी वहां से वापस लौटना पड़ा।
सोमवार शाम तक कई हिंदू संगठन भी मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मंदिर की एक भी ईंट नहीं हटने दी जाएगी। स्थिति को देखते हुए शाम तक पुलिस और प्रशासन की टीमें भी वापस लौट गईं।
मंगलवार को दोबारा कार्रवाई किए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने की पुष्टि के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर के बाहर चल रहा धरना समाप्त कर दिया।
वर्ष 2003 से चल रहा जमीन का विवाद
इस पूरे मामले की वजह ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन पर बने निर्माण हैं। इस भूमि के मालिकाना हक को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और कॉलोनी के निवासियों के बीच वर्ष 2003 से कानूनी विवाद चल रहा है। यह मामला तहसीलदार न्यायालय से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
कार्रवाई के दौरान मंदिर प्रबंधन को परिसर खाली करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया था। इसके बाद विरोध कर रहे लोगों ने मौके पर ‘जय-जय सियाराम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
42 मकान ध्वस्त, 600 कर्मचारियों की तैनाती
सोमवार को पूरे दिन चली अतिक्रमण हटाने की मुहिम में प्रशासन ने कुल 42 मकानों को ध्वस्त किया। इस कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के करीब 600 अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। निर्माण हटाने के लिए 12 पोकलेन मशीनों का भी इस्तेमाल किया गया।
जब प्रशासनिक अमला कालिका माता मंदिर को हटाने की तैयारी करने लगा, तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और विरोध तेज हो गया। भीड़ के आक्रोश और संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर हटाने की कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.