पटना में नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद चार युवकों की मौत, जहरीली शराब की आशंका

HIGHLIGHTS
- घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव की है
- मृतकों में शशि कुमार, विकास राम, पंकज सिंह और निशू कुमार शामिल हैं
- चारों एक साथ एक कमरे में बैठे थे
पटना। बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद चार युवकों की मौत से हड़कंप मच गया। घटना बेढ़ना गांव की है। मृतकों की पहचान गांव निवासी शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशू कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चारों एक साथ बैठकर शराब या किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी को गंभीर हालत में बाढ़ के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहां हालत में सुधार नहीं होने पर चारों को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
एक कमरे में बैठकर पी रहे थे शराब, मछली भी बनवाई थी
स्वजन के मुताबिक, चारों युवक एक कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। खाने के लिए मछली भी बनवाई गई थी। शराब पीने के कुछ देर बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वे अचेत होकर गिर पड़े।
चारों को देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले जाया गया। इसके बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल और फिर पीएमसीएच रेफर किया गया।
मुंह से निकल रहा था झाग, चारों की हालत थी एक जैसी
अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाए गए तीन युवकों के मुंह से झाग निकल रहा था और उनकी हालत गंभीर थी। कुछ देर बाद चौथे युवक को भी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, चारों की स्थिति लगभग एक जैसी थी।
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार चारों युवक कहीं बैठकर एक साथ शराब अथवा किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि तीन युवकों को पहले अस्पताल लाया गया था। उनकी हालत गंभीर थी और मुंह से झाग निकल रहा था। बाद में चौथे युवक को भी अस्पताल लाया गया। चारों मरीजों की स्थिति एक जैसी थी।
कमरे में मिली शराब की खाली बोतल, जहरीली शराब की आशंका
चारों युवकों ने जिस कमरे में बैठकर नशीले पदार्थ का सेवन किया था, वहां से शराब की खाली बोतल मिलने की बात सामने आई है।
इसके बाद जहरीली शराब के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस कमरे से मिले सामान और शराब की बोतल की भी जांच कर रही है।
यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चारों युवकों ने किस पदार्थ का सेवन किया था और वह कहां से आया था। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.