KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टक्कर में 3 मजदूरों की मौत; 9 घायल

HIGHLIGHTS
- ईको कार में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे।
- सभी मजदूर पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
- हादसे में एक मृतक की पहचान रामनरेश के रूप में हुई है।
सोनीपत। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे गोपालपुर गांव की सीमा के पास मजदूरों से भरी ईको कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि ईको कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोपालपुर गांव की सीमा पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के गांव बड़ेपुरा निवासी करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत कुल 12 लोग कार में सवार होकर झज्जर की ओर मजदूरी करने और बाजरा काटने जा रहे थे।
सुबह करीब 5 बजे जब ईको कार KMP एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव की सीमा में पहुंची, तो उसकी ट्रक से टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में एक की पहचान रामनरेश पुत्र रामचंद्र, निवासी गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में मारे गए दो अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दो शवों को खरखौदा के अस्पताल लाया गया है, जबकि एक शव क्षतिग्रस्त ईको कार में ही फंसा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
पीलीभीत के बड़ेपुरा गांव के हैं सभी घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान विवेक पुत्र प्रभुदयाल, छोटू पुत्र खुशहाली, हरिशंकर पुत्र नेतराम, खुशहाली, फातिलाल पुत्र बुद्धसिंह, महेंद्रपाल पुत्र रामसहाय, संजीव पुत्र रामपाल, प्रमोद पुत्र रामरती और नेवाराम के रूप में हुई है। सभी घायल गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे के बाद सभी घायलों को खरखौदा सीएचसी लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और सभी बेहोशी की हालत में बताए गए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और कार में फंसे शव को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.