जेडी वेंस का बड़ा बयान, बोले- ट्रंप की मौत होती तो अमेरिका में छिड़ जाता गृह युद्ध

HIGHLIGHTS
- जेडी वेंस ने 2024 के हमले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
- ट्रंप पर हमला पेंसिल्वेनिया में चुनाव प्रचार के दौरान हुआ था।
- हमले में एक गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई थी।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक पॉडकास्ट के दौरान बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर 2024 में डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले में उनकी मौत हो जाती, तो अमेरिका में ऐसा गृह युद्ध छिड़ जाता जिससे देश शायद कभी उबर नहीं पाता। पॉडकास्ट में वेंस ने दुनिया के अंत को लेकर भी अपने विचार साझा किए। ईसाई पॉडकास्टर ब्राइस क्रॉफर्ड के साथ बातचीत में उन्होंने धर्म, अध्यात्म समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
'ट्रंप की मौत से अमेरिका में छिड़ जाता गृह युद्ध'
साल 2024 में अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में ट्रंप बाल-बाल बच गए थे। एक गोली उनके कान को छूकर निकल गई थी, जबकि ट्रंप के एक समर्थक की मौत हो गई थी।
इस घटना को लेकर जेडी वेंस ने कहा, 'अगर 2024 में हुई हत्या की कोशिश में डोनाल्ड ट्रंप की मौत हो जाती, तो वे हमेशा सोचते रहते कि यह किसी साजिश का हिस्सा था और शायद वे किसी दूसरे रिपब्लिकन को भी अगला राष्ट्रपति मानने को तैयार नहीं होते।'
ट्रंप खुद भी 2024 के हमले में अपनी जान बचने को दैवीय कृपा मानते रहे हैं और वेंस भी ऐसा ही मानते हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा, 'अगर गोली से ट्रंप की मौत हो जाती, तो देश में ऐसा गृह-संघर्ष होता जिससे शायद देश कभी उबर नहीं पाता।'
वेंस ने कहा, 'ट्रंप के कई समर्थकों को लगता कि किसी साजिश के तहत उनका चुना हुआ राष्ट्रपति छीन लिया गया, और उनके मन में भी कहीं न कहीं ऐसे ही विचार आते। इससे हमारे पूरे राजनीतिक सिस्टम की वैधता पर ही सवाल उठ जाता।'
दुनिया के अंत पर भी बोले वेंस
ब्राइस क्रॉफर्ड ने वेंस से दुनिया के अंत में उनकी दिलचस्पी के बारे में भी सवाल किया। इसके जवाब में उपराष्ट्रपति ने हंसते हुए कहा कि 1990 के दशक के आखिर में जवानी के दिनों में उनकी भी इसमें दिलचस्पी थी, जब नई सदी के आने के साथ दुनिया के खत्म होने की संभावनाओं को लेकर चर्चा होती थी।
हंसते हुए वेंस ने अपने एक दोस्त की कहानी भी सुनाई, जिसे यह जुनून था कि 2007 के आखिर में दुनिया खत्म हो जाएगी और उसने क्रेडिट कार्ड पर भारी कर्ज ले लिया था।
एआई को लेकर जताई चिंता
वेंस ने कहा, 'दुनिया में कुछ ऐसी चीजे हैं, जिन्हें देखकर मुझे हैरानी नहीं होगी अगर 'एंटीक्राइस्ट' (शैतान का रूप) हमारे बीच घूम रहा हो, लेकिन फिर भी, मैं इस पर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं देने की कोशिश करता हूं।'
उन्होंने आईटी कंपनियों और इंसानी बातचीत की जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई।
ट्रंप को बताया मजाकिया इंसान
बीते दिनों ट्रंप ने ईसा मसीह के रूप में अपनी एक एआई तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिस पर काफी विवाद हुआ था। हालांकि, वेंस ने ट्रंप का बचाव किया।
उन्होंने कहा, 'उनका मकसद भगवान का मजाक उड़ाना या उनकी नकल करना नहीं था, वे ऐसे इंसान नहीं हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'राष्ट्रपति अक्सर चीजों को हल्का-फुल्का रखने की कोशिश करते हैं और लगातार मजाक करते रहते हैं। मुझे लगता है कि अगर लोग इस बात को समझें, तो उन्हें पता चलेगा कि वे किसी को बुरा महसूस नहीं कराना चाहते, बल्कि माहौल को हल्का-फुल्का रखना चाहते हैं।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.