झारखंड के चतरा में रेप के आरोपी युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव

HIGHLIGHTS
- पुलिस ने मृतक युवक के खिलाफ नाबालिग के पिता की शिकायत पर अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था।
- घटना के बाद पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
- गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
चतरा। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को अनुसूचित जाति की नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपित युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के दौरान आरोपित युवक के माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें दोनों घायल हो गए।
नाबालिग और आरोपित युवक के अलग-अलग समुदायों से होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में कैंप कर रही है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के पिता के बयान पर आरोपित युवक के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मृतक युवक के पिता की ओर से अभी तक हत्या को लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जाएगा।
नाबालिग ने घर पहुंचकर बताई पूरी घटना
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, नाबालिग सोमवार रात शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान आरोप है कि सुल्तान अंसारी के पुत्र इमरोज अंसारी ने उसका अपहरण कर दुष्कर्म किया। मंगलवार सुबह नाबालिग किसी तरह आरोपित के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने इमरोज अंसारी को घर से बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई और उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए।
सूचना मिलने के बाद टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रित नहीं किया जा सका। बाद में पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टंडवा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे हजारीबाग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रेम-प्रसंग के दावे की भी जांच जारी
स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस मामले को प्रेम-प्रसंग से भी जोड़ रहे हैं। उनका कहना है कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी और युवक को नाबालिग के घर से बाहर निकालकर पीटा गया। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप करने का निर्देश दिया।
फिलहाल पुलिस गांव में लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पूरे थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने की पिटाई
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही उग्र भीड़ ने आरोपित युवक को घसीटकर पीटा। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों को नियंत्रित करने में परेशानी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को सड़क पर घसीटते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारा गया। पुलिस ने उसे भीड़ से निकालकर अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.