कोरिया में 17 वर्षीय छात्रा की मौत पर बवाल, परिजनों ने थाने का घेराव कर किया चक्काजाम

HIGHLIGHTS
- कोरिया के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिटी कोतवाली का घेराव किया।
- परिवार ने आईसी मार्ट प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना, चोरी का आरोप लगाने और पैसों की मांग करने के आरोप लगाए।
- पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है, वहीं परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में छात्रा के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिटी कोतवाली का घेराव किया और मुख्य सड़क पर धरना देते हुए चक्काजाम कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े भी सिटी कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। परिजन आईसी मार्ट संचालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
आईसी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप
मृतका के परिवार ने आईसी मार्ट प्रबंधन पर मानसिक दबाव बनाने, अपमानित करने और पैसों की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, 7 जुलाई को छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। इसी दौरान दोनों पर चोरी का आरोप लगाया गया। परिवार का आरोप है कि मार्ट प्रबंधन की ओर से 50 हजार रुपये की मांग की गई और छात्रा की स्कूटी भी रोक ली गई।
परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान थी और इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतका के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, मार्ट सील
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत और लगाए गए आरोपों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने परिवार को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी
परिजनों का आरोप है कि छात्रा और उसकी बहन के साथ गलत व्यवहार किया गया और चोरी का आरोप लगाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.