नोएडा में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर गिरा, पांच लोग झुलसे

HIGHLIGHTS
- नोएडा के छिजारसी में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से पांच लोग झुलसे।
- हादसे में एक स्कूटी में लगी आग, एक घायल की हालत गंभीर।
- पुलिस ने बिजली विभाग से रिपोर्ट मांगी, जांच के बाद होगी कार्रवाई।
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी इलाके में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए। हादसे के दौरान एक स्कूटी में भी आग लग गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
11 हजार केवी लाइन का तार गिरने से हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलते ही सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि 11 हजार केवी की बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया था।
तार के संपर्क में आने से वहां मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए। इसी दौरान पास खड़ी एक स्कूटी में भी आग लग गई।
पांच लोग हुए घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान निधि (15), प्रिया (17), मुकेश राम (38), पवित्र (41) और रवि चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रवि चौधरी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी चार घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया आंखों देखा हाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिजली का तार टूटते ही तेज आवाज के साथ चिंगारी निकली और कुछ ही पल में इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत घायलों को वहां से हटाया और पुलिस व बिजली विभाग को घटना की जानकारी दी।
बिजली विभाग पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि बिजली लाइनों की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
लोगों ने क्षेत्र में मौजूद सभी हाईटेंशन लाइनों की जांच कराने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और बिजली विभाग कर रहे जांच
एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बिजली विभाग से भी रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.