पटना प्रदर्शन मामले में बड़ा एक्शन, 24 एफआईआर दर्ज, 258 आरोपियों को भेजा गया जेल

HIGHLIGHTS
- पटना प्रदर्शन मामले में पुलिस ने 24 एफआईआर दर्ज कर 258 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
- हिंसक प्रदर्शन में 43 पुलिसकर्मी और 300 से अधिक छात्र घायल हुए, 60 छात्रों को गंभीर चोटें आईं।
- पुलिस ने 285 नामजद और करीब 6 हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पटना। पटना में 22 और 25 जुलाई को हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में अब तक कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना क्षेत्रों में कुल 24 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
इन मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
30 लड़कियों को निजी बांड पर छोड़ा गया
जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में गांधी मैदान थाना पुलिस ने सबसे ज्यादा 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कोतवाली थाना पुलिस ने 49 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले संवेदनशीलता को देखते हुए हिरासत में ली गई 30 लड़कियों को निजी बांड भरवाकर छोड़ दिया गया था। इनमें 53 और 19 मामलों से जुड़ी हिरासत भी शामिल थी।
6 हजार अज्ञात और 285 नामजद लोगों पर केस दर्ज
हिंसक प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दर्ज एफआईआर में 285 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि करीब 6 हजार अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात प्रदर्शनकारियों की पहचान कर रही है। इसके आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
43 पुलिसकर्मी हुए घायल, 300 से ज्यादा छात्र भी चोटिल
प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़प और लाठीचार्ज में पुलिस विभाग के कई अधिकारी और जवान घायल हुए हैं। आईजी, थानेदार, सब-इंस्पेक्टर और सिपाहियों समेत कुल 43 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
वहीं, प्रदर्शन में शामिल 300 से ज्यादा छात्र भी घायल हुए हैं। इनमें करीब 60 छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। भगदड़ और लाठीचार्ज के दौरान कई छात्रों के सिर में चोट लगी, जबकि कई के हाथ-पैर टूटने की जानकारी सामने आई है।
11 वाहनों को पहुंचाया गया नुकसान
उग्र प्रदर्शन के दौरान शहर के प्रमुख इलाकों में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और आम लोगों के कुल 11 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने जारी की गई तस्वीरों के आधार पर भी 50 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार प्रमुख लोग
- तेज प्रताप यादव: जनशक्ति जनता दल के संस्थापक
- संदीप सौरभ: पालीगंज विधायक, भाकपा माले
- शांतनु शेखर: पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ (पुसु) के अध्यक्ष
- धनंजय: आइसा के प्रदेश अध्यक्ष
- दीपांकर मिश्रा: आइसा महासचिव
- दिव्यम: आइसा के राज्य सचिव
- आफरिन: आइसा की नेत्री
- मनीष यादव: पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष
- आनंद कुमार यादव: पालीगंज मुखिया संघ के अध्यक्ष
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.