नशे के आरोप के बाद टूटी शादी फिर जुड़ी, मुस्कान और संत कुमार ने मंदिर में रचाई शादी

HIGHLIGHTS
- जांजगीर-चांपा की मुस्कान ने 23 जून को शादी से इनकार करने के 16 दिन बाद उसी युवक संत कुमार से मंदिर में विवाह कर लिया।
- संत कुमार ने दावा किया कि शादी के दिन दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिसके कारण गलतफहमी हुई थी।
- दोनों के बीच बातचीत के बाद विवाद खत्म हुआ और मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक शादी का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। 23 जून को मंडप में दूल्हे के कथित तौर पर नशे में होने की बात कहकर शादी से इनकार करने वाली मुस्कान ने 16 दिन बाद उसी युवक संत कुमार के साथ विवाह कर लिया है। दोनों ने खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए।
गलतफहमियां दूर होने के बाद लिया फैसला
संत कुमार का कहना है कि शादी वाले दिन वह नशे में नहीं था, बल्कि उसके दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिसकी वजह से उसकी हालत खराब हो गई थी। वहीं मुस्कान ने बताया कि घटना के बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और धीरे-धीरे सारी गलतफहमियां खत्म हो गईं। इसके बाद दोनों ने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया।
गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद सीधे मनका दाई मंदिर पहुंची, जहां संत कुमार के परिवार की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न हुआ। हालांकि, मुस्कान के परिजनों को इस शादी की जानकारी बाद में मिली।
मंडप में शादी से इनकार का मामला हुआ था वायरल
गौरतलब है कि 23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में शादी समारोह के दौरान मुस्कान ने दूल्हे संत कुमार पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए विवाह से इनकार कर दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
मुस्कान के इस फैसले को कई लोगों ने उसके आत्मसम्मान और साहस से जोड़कर देखा था। मामले के बाद पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने भी उसकी सराहना की थी और उसे परिवार परामर्श केंद्र से जोड़ने की पहल की थी।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की थी तलाश
शादी के बाद एक समय ऐसा भी आया जब मुस्कान के परिवार ने उसके घर नहीं पहुंचने पर पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार, मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र से दोपहर बाद निकली थी, लेकिन शाम तक उसका मोबाइल बंद आने के बाद पुलिस और साइबर टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुस्कान खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर पहुंची थी, जहां उसने संत कुमार से विवाह कर लिया।























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.