केजरीवाल परिवार को वोटर लिस्ट से हटाने का नोटिस, AAP ने EC पर उठाए सवाल

HIGHLIGHTS
- नोटिस पाने वालों में केजरीवाल की पत्नी, बेटा, पिता और माता शामिल हैं।
- केजरीवाल नई दिल्ली-40 विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता हैं।
- केजी मार्ग के पार्ट-51 में कुल 110 मतदाताओं की सूची का उल्लेख किया गया है।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत उनके परिवार के चार सदस्यों को दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) अभियान के तहत की गई है। हालांकि, इस मामले में चुनाव आयोग की ओर से भी स्पष्टीकरण सामने आया है।
केजरीवाल परिवार के पांच सदस्यों को नोटिस
नोटिस पाने वालों में अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, बेटे पुलकित केजरीवाल, पिता गोबिंद राम केजरीवाल और माता गीता देवी शामिल हैं। केजरीवाल नई दिल्ली-40 विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता हैं। चुनाव आयोग के दस्तावेजों के मुताबिक, केजी मार्ग स्थित 'पार्ट-51' में दर्ज 110 मतदाताओं की सूची में केजरीवाल परिवार के सदस्यों के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें नोटिस भेजे गए हैं।
नवंबर की अंतिम सूची में शामिल होगा नाम
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बाद में स्पष्ट किया कि केजरीवाल परिवार के सदस्यों के नाम नवंबर में जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। अधिकारी के अनुसार, नोटिस इसलिए जारी किए गए हैं क्योंकि वे पिछली एसआईआर सूची में खुद को मैप नहीं करा सके थे।
आप ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
केजरीवाल और उनके परिवार के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की प्रक्रिया को लेकर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। आप ने सोशल मीडिया के जरिए चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, 'क्या इस देश में सब कुछ सिर्फ सुप्रीम लॉर्ड को खुश रखने के लिए हो रहा है? चुनाव आयोग, यह कैसे संभव है कि तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब हैं?'
रेखा गुप्ता को भी जारी हुआ था नोटिस
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी नोटिस जारी किया गया था। उनकी शालीमार बाग वाली वोटर लिस्ट एंट्री को 'लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी' यानी तार्किक विसंगति के तौर पर चिह्नित किया गया था।
जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनका नाम वैध कर दिया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नाम 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल रहेगा। वहीं, केजरीवाल और उनके परिवार के सदस्यों को 'नो-मैपिंग' श्रेणी में फ्लैग किया गया है।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 47.6 लाख नाम हटे
दिल्ली में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए एसआईआर 2026 अभियान चलाया जा रहा है। 31 अगस्त 2026 को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से करीब 47.6 लाख नाम हटाए गए थे।
मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.