अररिया में तेज धमाके से मकान की छत उड़ी, पटाखा निर्माण की चर्चा; जांच में जुटी पुलिस

HIGHLIGHTS
- धमाका भरगामा पंचायत के वार्ड आठ मुस्लिम टोला में हुआ।
- घटनास्थल भरगामा थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
- विस्फोट की आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
अररिया। बीते शुक्रवार रात भरगामा थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित भरगामा पंचायत के वार्ड आठ मुस्लिम टोला में अचानक हुए तेज धमाके से आसपास का इलाका दहल उठा। विस्फोट इतना जोरदार था कि भरगामा पंचायत मुस्लिम टोला निवासी नूर अहमद के पुत्र मोहम्मद अख्तर के ईंट के मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दीवार भी ढह गई।
धमाके की आवाज भरगामा थाना के अलावा ब्लौक चौक, ब्राह्मण टोला, शर्मा टोला, पासवान टोला और राम टोला समेत करीब पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित कई गांवों तक सुनाई दी। तेज आवाज से लोग सहम गए और आसपास के लोग डर के कारण रातभर जागते रहे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम करीब छह बजे मुस्लिम टोला में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह मकान नूर मोहम्मद के पुत्र मो. अख्तर का बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पटाखा बनाने की चर्चा
घटना के बाद विस्फोट को लेकर इलाके में अलग-अलग चर्चाएं होने लगीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में पटाखा बनाने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि बारूद को एक बोरे से दूसरे बोरे में डालने के दौरान अचानक विस्फोट हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी तक विस्फोट के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना में मो. अख्तर की पत्नी समेत पटाखा निर्माण में लगे कुछ मजदूरों के घायल होने की चर्चा है। करीब छह लोगों के हताहत होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, मृतकों या घायलों की संख्या को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कुछ स्थानीय लोगों ने विस्फोट की वजह सिलेंडर ब्लास्ट होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, घटनास्थल से सिलेंडर का कोई स्पष्ट टुकड़ा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
विस्फोट के तुरंत बाद मकान में मौजूद लोग वहां से निकल गए। इसके बाद मकान से जुड़े लोगों के सामने नहीं आने और ग्रामीणों के भी घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से बचने की बात सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त मकान, आसपास के क्षेत्र तथा वहां मौजूद सामग्री के संबंध में जानकारी जुटाई।
घटनास्थल से मानव अंग मिलने की चर्चा
घटनास्थल से कुछ मानव अंग मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये मानव अंग किसके हैं और पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, मो. अख्तर पर कथित तौर पर लंबे समय से अवैध रूप से पटाखा निर्माण और बारूद से संबंधित गतिविधियां संचालित करने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में भी पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शनिवार सुबह भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। मौके पर मौजूद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार पोद्दार भी पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में किस तरह की सामग्री रखी गई थी, विस्फोट किस वजह से हुआ और घटना के समय वहां कितने लोग मौजूद थे। घटना में वास्तविक रूप से कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.