जनसुराज के शिक्षक प्रत्याशी भूषण झा ने किया पार्टी से किनारा, निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान

HIGHLIGHTS
- भूषण झा को जनसुराज ने तिरहुत शिक्षक सीट से प्रत्याशी घोषित किया था।
- उम्मीदवार बनाए जाने के अगले ही दिन उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
- शुक्रवार को प्रशांत किशोर की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को प्रत्याशी घोषित करने के 24 घंटे के भीतर ही बड़ा झटका लगा है। पार्टी के घोषित उम्मीदवार शिक्षक नेता भूषण झा ने बगावती रुख अपनाते हुए जनसुराज छोड़ने और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।
शुक्रवार को पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की समीक्षा बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद भूषण झा ने अपने फैसले की घोषणा की।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लगाए आरोप
भूषण झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर समीक्षा बैठक को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह बैठक में अपनी बात रख रहे थे, तब उनके साथ मौजूद शिक्षकों को रिकॉर्डिंग करने से रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि उनकी बात मीडिया तक न पहुंचे, इसके लिए दबाव बनाया गया और उन्हें तय पटकथा के मुताबिक बोलने के लिए मजबूर किया गया। भूषण झा के मुताबिक, यह व्यवहार उन्हें बेहद आपत्तिजनक लगा। इसके बाद साथी शिक्षकों की सलाह पर उन्होंने जनसुराज से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
समीक्षा बैठक में प्रत्याशी का नाम नहीं लिया गया
समीक्षा बैठक के दौरान उस समय स्थिति और चर्चा में आ गई, जब प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में शिक्षक सीट के उम्मीदवार का नाम नहीं लिया।
भूषण झा ने कहा कि बैठक में कार्यकर्ताओं के चुनाव लड़ने के तौर-तरीकों को देखकर उन्हें महसूस हुआ कि संगठन को अभी काफी प्रशिक्षण की आवश्यकता है।
वहीं, जनसुराज के प्रवक्ता नदीम खान ने कहा है कि स्नातक सीट से डॉ. विमोहन कुमार ही पार्टी के प्रत्याशी बने रहेंगे। शिक्षक सीट के उम्मीदवार को लेकर नए सिरे से विचार किया जा रहा है।
शिक्षकों को लेकर प्रशांत किशोर के दावे
चुनावी गतिविधियों के बीच प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर और मिठनपुरा में अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों के जरिए उन्होंने शिक्षकों को साधने की कोशिश की।
प्रशांत किशोर ने सभी श्रेणी के शिक्षकों को उचित सम्मान देने, सातवां वेतनमान लागू करने और वित्तरहित व वित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने का दावा किया। इन बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती सहित जनसुराज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.