रक्षाबंधन पर बस में सवार हुए ओपी राजभर, महिलाओं से लिया मुफ्त यात्रा का फीडबैक

HIGHLIGHTS
- राजभर ने अंबेडकरनगर से अतरौलिया तक बस से सफर किया
- महिला यात्रियों से सीधे बातचीत कर योजना का फीडबैक लिया
- बसों की सुविधाओं और यात्रा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली
अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अलग अंदाज में दिखाई दिए। महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा सुविधा की स्थिति जानने के लिए वह खुद बस में सवार हुए और आम यात्रियों के साथ सफर किया। राजभर ने अंबेडकरनगर से अतरौलिया तक बस से यात्रा की।
सफर के दौरान उन्होंने महिला यात्रियों से बातचीत कर मुफ्त बस यात्रा योजना को लेकर सीधे उनका फीडबैक लिया। राजभर ने महिलाओं से पूछा कि इस सुविधा का लाभ उठाने में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने बसों में उपलब्ध सुविधाओं और यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
अपने अनुभव और सुझाव मंत्री से साझा किए
राजभर ने महिलाओं से यह भी पूछा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुफ्त यात्रा की सुविधा उन्हें मायके और भाइयों के घर पहुंचने में कितनी मदद कर रही है। इस पर महिला यात्रियों ने अपने अनुभव और सुझाव मंत्री के साथ साझा किए।
मंत्री ने बस में टिकट भी लिया और कुछ समय तक खड़े होकर यात्रा करते हुए नजर आए। इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो भी चर्चा में रहे। उनका उद्देश्य सरकारी सुविधा का जमीनी स्तर पर जायजा लेना और यह सुनिश्चित करना था कि योजना का लाभ यात्रियों को सही तरीके से मिल रहा है।
गौरतलब है कि रक्षाबंधन के अवसर पर योगी सरकार ने प्रदेश की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू की थी। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का भी निर्णय लिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.