शामली: राना में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा से लौट रही बस में सवार भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) महिला विंग की ब्लॉक अध्यक्ष लता चौधरी के साथ टोलकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला समेत चार टोलकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें बाल पकड़कर सड़क पर घसीटने का भी आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हुआ है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चौसाना क्षेत्र के खोड़समा गांव निवासी लता चौधरी ने बताया कि वह भाकियू महिला विंग की ब्लॉक अध्यक्ष होने के साथ आजीविका व विद्युत सखी के रूप में भी कार्य करती हैं। शुक्रवार सुबह वह समर्थकों के साथ बस से मुख्यमंत्री की जनसभा में शामिल होने गई थीं। बस में उनके अलावा नौ महिला और अन्य पुरुष समर्थक मौजूद थे।
लता चौधरी का आरोप है कि सुबह बस जब पटनी परतापुर टोल प्लाजा से गुजरी, तो टोलकर्मियों ने टोल को लेकर उनसे विवाद किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
लौटते समय फिर हुआ विवाद
लता चौधरी के अनुसार, जनसभा से वापस लौटते समय टोल प्लाजा पर दोबारा बस को रोक लिया गया। इस दौरान चालक और टोलकर्मियों के बीच टोल को लेकर कहासुनी हुई। उन्होंने बताया कि जब वह बस से नीचे उतरकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं तो महिला समेत चार टोलकर्मियों ने उनका मोबाइल छीन लिया।
आरोप है कि मोबाइल लेने का विरोध करने पर टोलकर्मियों ने उनके साथ हाथापाई और अभद्रता की। लता चौधरी का कहना है कि आरोपियों ने उनके बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा। बस में मौजूद अन्य महिलाओं ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया, लेकिन उनके साथ भी अभद्रता की गई।
घटना के बाद टोल प्लाजा पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। लता चौधरी ने आरोपी टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जांच अधिकारी ओमवीर सिरोही ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, टोल प्लाजा मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि टोल टैक्स को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। बाद में आपसी सहमति से समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया।
दूसरी ओर, लता चौधरी का आरोप है कि कुछ लोग उन पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि कोई समझौता नहीं हुआ है और उनकी मांग आरोपी टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.