फरीदाबाद में नीट रिजल्ट के तनाव में छात्रा ने दी जान, छत से कूदकर की आत्महत्या

HIGHLIGHTS
- फरीदाबाद की एसआरएस रॉयल हिल्स सोसाइटी में 20 वर्षीय छात्रा दानविटा ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
- परिजनों के अनुसार छात्रा NEET परीक्षा के परिणाम को लेकर मानसिक तनाव में थी। आंसर शीट देखने के बाद अंक उम्मीद के मुताबिक नहीं मिलने से वह परेशान चल रही थी।
- पुलिस ने बताया कि घटना से पहले छात्रा ने छत पर मोबाइल, ब्रेसलेट और चश्मा रख दिया था। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भूपानी थाना क्षेत्र की एसआरएस रॉयल हिल्स सोसाइटी में 20 वर्षीय छात्रा ने छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान दानविटा के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रॉयल हिल्स सोसाइटी में रहती थी। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच उसने सोसाइटी की छत से छलांग लगा दी।
NEET अंक को लेकर तनाव में थी छात्रा
प्रारंभिक जांच में पुलिस को परिजनों से जानकारी मिली है कि दानविटा ने NEET परीक्षा पास कर ली थी। हाल ही में जब परीक्षा की आंसर शीट ऑनलाइन जारी हुई और उसने अपने अंक देखे तो वह संतुष्ट नहीं थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह मानसिक दबाव में चल रही थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि परीक्षा परिणाम से जुड़ी चिंता के कारण छात्रा काफी परेशान थी। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना से पहले छत पर रखा मोबाइल और सामान
सोसाइटी के लोगों के अनुसार, घटना से पहले छात्रा टावर-2 की छत पर पहुंची थी। वहां उसने अपनी चप्पल उतारी और मोबाइल फोन, ब्रेसलेट व चश्मा छत की बाउंड्री पर रख दिया। इसके बाद उसने छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
आंध्र प्रदेश का रहने वाला है परिवार
जानकारी के मुताबिक दानविटा का परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा का रहने वाला है। परिवार पिछले कुछ समय से फरीदाबाद में किराये पर रह रहा था। छात्रा के पिता कटेश्वर जेसीबी कंपनी में एक वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय उसकी मां विजयवाड़ा गई हुई थीं और छात्रा घर पर अकेली थी।
भूपानी थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पुष्टि के लिए जांच कर रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.