सारण में दर्दनाक रेल हादसा: लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से जुड़वा भाइयों की मौत

HIGHLIGHTS
- सारण में दर्दनाक हादसा, लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से पांच वर्षीय जुड़वा भाइयों की मौत।
- दाउदपुर चट्टी गांव में खेलते-खेलते रेलवे ट्रैक पर पहुंचे थे दोनों बच्चे, मौके पर ही गई जान।
- जीआरपी ने शुरू की जांच, परिजनों ने पोस्टमार्टम और सरकारी सहायता लेने से किया इनकार।
सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र स्थित दाउदपुर चट्टी गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। हादसे में पांच वर्षीय जुड़वा भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतक बच्चों की पहचान दाउदपुर चट्टी निवासी भूखल नट के पांच वर्षीय जुड़वा पुत्रों सूरज और सागर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों बच्चों ने घर पर नाश्ता किया था। इसके बाद वे खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गए और रेलवे ट्रैक की ओर चले गए।
लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आए बच्चे
इसी दौरान छपरा से दिल्ली जा रही 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस उसी रेलखंड से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक के पास खेल रहे दोनों मासूम ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस व रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
मृतक बच्चों के पिता भूखल नट मजदूरी करने के साथ लकड़ी काटने का काम करते हैं। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे में दो बेटों की एक साथ मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
पोस्टमार्टम और सहायता लेने से किया इनकार
सूचना मिलने के बाद जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। हादसे में दोनों बच्चों के शव काफी क्षत-विक्षत हो गए थे।
इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और किसी भी तरह की सहायता लेने से इनकार कर दिया। मौके पर मुखिया और पुलिस के बीच आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.