जमुई नाबालिग केस की पीड़िता की तस्वीर X पर डालने का आरोप, CMO कर्मचारी पर FIR

HIGHLIGHTS
- पीड़िता और उसके साथी के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट का मामला था।
- घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई थी।
- 25 सितंबर को पीड़िता और उसके परिजनों की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली गई।
पटना। बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की और उसके साथी के साथ छेड़छाड़ व मारपीट की घटना की पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सार्वजनिक करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है। इस मामले में पटना के सचिवालय थाना में मुख्यमंत्री कार्यालय के एक कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
25 सितंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीर
प्राथमिकी के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को जमुई जिले में नाबालिग लड़की और उसके साथी के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर कानूनी कार्रवाई की जा रही थी। इसी बीच 25 सितंबर 2026 को पीड़िता और उसके परिजनों की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर दी गई। इसके बाद तस्वीर अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से फैल गई।
पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने का आरोप
तस्वीर सार्वजनिक किए जाने के बाद पीड़िता की पहचान उजागर होने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी में इसे पीड़िता की निजता और गरिमा का उल्लंघन बताते हुए पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों का भी उल्लंघन बताया गया है।
सीएमओ के आशुलिपिक पर आरोप
पुलिस के अनुसार, मामले के सत्यापन के दौरान पता चला कि संवेदनशील तस्वीर मुख्यमंत्री कार्यालय के आशुलिपिक सागर प्रसाद ने 'X' पर अपलोड की थी। इसके बाद सचिवालय थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अमिता कुमारी के आवेदन के आधार पर सचिवालय थाना कांड संख्या 200/26 दर्ज किया गया।
BNS, POCSO और IT Act के तहत प्राथमिकी
सागर प्रसाद समेत पोस्ट को वायरल करने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 73, पॉक्सो अधिनियम, 2012 की धारा 23 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66(ई) और 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर सीमा कुमारी को दी गई है। पुलिस अब तस्वीर को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और उसे आगे प्रसारित किए जाने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.