हमीरपुर में एचआरटीसी भर्ती के दौरान हंगामा, 2000 अभ्यर्थियों की भीड़ के बाद प्रक्रिया रद्द

HIGHLIGHTS
- हमीरपुर के भोटा बाइपास स्थित होटल में एचआरटीसी इलेक्ट्रिक बसों के लिए 50 पदों की भर्ती प्रक्रिया अभ्यर्थियों की भारी भीड़ और हंगामे के कारण रद्द करनी पड़ी।
- भर्ती में प्रदेशभर से 2000 से अधिक अभ्यर्थी पहुंच गए, जबकि हंगामे के दौरान होटल परिसर में सामान को नुकसान पहुंचा।
- पुलिस और एचआरटीसी अधिकारियों के पहुंचने के बाद स्थिति संभाली गई, कंपनी ने नुकसान का आकलन कर भरपाई करने की बात कही।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया शुक्रवार को भारी हंगामे के बाद रद्द करनी पड़ी। भोटा बाइपास स्थित एक होटल में इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक, टेक्नीशियन समेत करीब 50 पदों के लिए भर्ती रखी गई थी। इन पदों के लिए प्रदेशभर से 2000 से ज्यादा अभ्यर्थी पहुंच गए, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
हंगामे के दौरान होटल परिसर में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। सुबह करीब 10:30 बजे के बाद अभ्यर्थियों ने भर्ती व्यवस्था को लेकर विरोध शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना था कि पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं और कुछ लोगों ने पहले साक्षात्कार लेने की बात कही। इसके बाद विवाद बढ़ गया और कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचना दी।
अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी की। सूचना मिलने के बाद एचआरटीसी के अधिकारी और पुलिस करीब 11:30 बजे मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने का फैसला लिया गया।
हंगामा शुरू होने से पहले करीब 20 अभ्यर्थियों के ही साक्षात्कार हो पाए थे। अभ्यर्थियों ने मांग रखी कि यदि भर्ती रद्द की जाती है तो पहले लिए गए साक्षात्कार भी निरस्त किए जाएं, या फिर सभी इच्छुक अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जाएं।
हंगामे के दौरान होटल के मुख्य प्रवेश द्वार, फ्रिज, गमले समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
निजी कंपनी के उपप्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि होटल में हुए नुकसान की भरपाई कंपनी की ओर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी गई है।
वहीं, एचआरटीसी हमीरपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि निजी कंपनी की ओर से साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। चयनित अभ्यर्थियों की सेवाएं इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव के लिए ली जानी थीं। उन्होंने बताया कि सूचना मिली है कि भर्ती प्रक्रिया रद्द हो गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.