सुपौल के स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 80 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
By Hitesh — July 22, 2026

HIGHLIGHTS
- सुपौल के मिरजावा मध्य विद्यालय में मिड-डे मील खाने के बाद करीब 80 बच्चों की तबीयत बिगड़ी।
- अभिभावकों ने सब्जी में बिच्छू गिरने का आरोप लगाया, प्रशासन ने जांच शुरू की।
- बीमार बच्चों का त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज जारी, अधिकारियों ने लिया जायजा।
Author: — Dainik Dehat
सुपौल। प्रखंड की मिरजावा पंचायत के वार्ड 10 स्थित मध्य विद्यालय मिरजावा में बुधवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) खाने के बाद कई बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल परिसर और गांव में अफरातफरी मच गई।
भोजन करने के कुछ समय बाद बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आने और घबराहट जैसी शिकायतें कीं। इसके बाद बीमार बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
अस्पताल में बड़ी संख्या में अभिभावकों के पहुंचने से काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। वहीं, लगातार बच्चों के अस्पताल पहुंचने के कारण बीमार बच्चों की संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी।
सब्जी में बिच्छू गिरने का अभिभावकों ने लगाया आरोप
घटना के बाद बच्चों के स्वजनों ने आरोप लगाया कि मध्याह्न भोजन की सब्जी में बिच्छू गिरा हुआ था, इसके बावजूद वही भोजन बच्चों को परोस दिया गया।
अभिभावकों का कहना है कि खाना खाने के बाद ही बच्चों की तबीयत खराब होने लगी और कई बच्चे बेहोश भी हो गए। हालांकि, भोजन में वास्तव में क्या मिला था, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारी अस्पताल पहुंचे, स्थिति का लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, एसडीपीओ सह अपर पुलिस अधीक्षक विभाष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी परमानंद प्रसाद, बीपीआरओ सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे।
अधिकारियों ने बच्चों के इलाज और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से मामले पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल बच्चों के बीमार होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
डीपीएम ने दी जानकारी
डीपीएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी से सूचना मिली थी कि मध्य विद्यालय मिरजावा में कुछ बच्चे बीमार हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर स्थिति नियंत्रण में मिली। मध्याह्न भोजन खाने के बाद कुछ बच्चों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत बताई।
डीपीएम के अनुसार, बीमार बच्चों की संख्या लगभग 80 है। कुछ बच्चों से बातचीत में बिच्छू गिरने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाध्यापक ने बताया अलग मामला
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में एक बच्चे की प्लेट में कीड़ा गिर गया था। इसके बाद बच्चे चिल्लाने लगे कि प्लेट में कीड़ा गिर गया है। इसे देखकर अन्य बच्चे भी तबीयत खराब होने की बात कहने लगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.